Move to Jagran APP

श्रीदेवी की डेड बॉडी मुंबई लाने की मिली अनुमति, दुबई पुलिस ने कपूर परिवार को सौंपा पत्र

मामले में शादी समारोह में हिस्सा लेने गए कपूर परिवार के दूसरे सदस्यों के भी बयान लिए जाएंगे।

By Srishti VermaEdited By: Published: Tue, 27 Feb 2018 09:38 AM (IST)Updated: Tue, 27 Feb 2018 04:12 PM (IST)
श्रीदेवी की डेड बॉडी मुंबई लाने की मिली अनुमति, दुबई पुलिस ने कपूर परिवार को सौंपा पत्र

दुबई/मुंबई (जेएनएन)। श्रीदेवी का शनिवार को निधन होने के तीन दिन बाद भी उनके शव को आखिर मुंबई लाने की इजाजत मिल गई है। उनकी रहस्यमयी मौत के बाद कानूनी कार्रवाई करने में अधिक समय लग रहा था जिसके कारण ही उनका पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंच पाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण दुर्घटनावश डूबना बताया गया है। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर भारत लाने में लगातार देरी हो रही थी। 

loksabha election banner

इंतजार की घड़ी खत्म, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाने की इजाजत

खलीज टाइम्स के मुताबिक, दुबई पुलिस ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए इजाजत दे दी है। दुबई पुलिस ने इस संबंध में पत्र भारतीय दूतावास और बोनी कपूर को सौंप दी है। उम्मीद की जा रही है अब इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जा सकेगा। 

जानकारी के मुताबिक सरकारी वकीलों ने पार्थिव शरीर को मुंबई लाने की इजाजत दे दी है। इसके साथ ही शरीर पर लेप लगाने का काम शुरु किया जाएगा। बता दें कि अब तक इस मामले में दुबई में जांच प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन अब जानकारी के मुताबिक, दुबई पुलिस ने वहां केस को बंद करने का फैसला किया है। 

पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबने से बताए जाने के बाद अब तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वहीं पोस्टमार्टम के बाद पूरा मामला दुबई के सरकारी वकील के पास पहुंचा था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब सरकारी वकील मामले को देखेंगे और पूरी तरह संतुष्ट होने पर ही श्रीदेवी की देह ले जाने की अनुमति देंगे।

सरप्राइज देने फिर लौटे थे दुबई बोनी कपूर

दुबई के अखबार 'खलीज टाइम्स' के अनुसार श्रीदेवी की मौत के वक्त बोनी कपूर उनके साथ होटल में मौजूद थे। वह सरप्राइज देने दुबई लौटे थे। उनके भांजे का विवाह दो दिन पहले ही संपन्न हो चुका था और वह अपनी छोटी बेटी खुशी के साथ मुंबई लौट गए थे। श्रीदेवी दुबई में रुक गई थीं। 

शनिवार शाम से रात का घटनाक्रम (दुबई के समयानुसार, भारतीय समय इससे डे़ढ़ घंटा आगे है) 

-शाम 5.30 बजे : मुंबई से फिर दुबई पहुंचे बोनी कपूर। श्रीदेवी संग सरप्राइज डिनर के लिए होटल पहुंचे। 

-5.45 : बोनी ने सो रही श्रीदेवी को जगाने के बाद करीब 15 मिनट तक चर्चा की। फिर डिनर पर चलने को कहा।

-6.00 : श्रीदेवी वॉशरूम में तैयार होने गई। 15 मिनट बीतने पर भी बाहर नहीं आई। 

-6.15 : बोनी ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं आया। बलपूर्वक दरवाजा खोला तो देखा कि पानी से पूरे भरे टब में श्रीदेवी बेहोश प़़डी थीं। 

-6.25 : बोनी ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, असफल रहे तो एक मित्र को बुलाया। 

-रात 9.00 बजे : पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व पैरा मेडिकल स्टॉफ पहुंचा। राशिद अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषिषत कर दिया गया। 

-रात 11.00 : मौत की सूचना मीडिया में फैली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए फॉरेंसिक डिपार्टमेंट भेजा गया। उस वक्त भारत में रात के 2.30 बज चुके थे।

सरकारी वकील करेंगे जांच

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दुबई में किसी दूसरे देश के शख्स की मौत दुर्घटनावश होती है तो इसकी जांच सरकारी वकील के पास भेजी जाती है। पूरे मामले की जांच सरकारी वकील देखेंगे और अगर उन्हें जरूरी लगा तो फिर से पोस्टमार्टम के लिए कह सकते हैं। एक खबर यह है कि दुबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर से पूछताछ की है और यहां तक संकेत मिले हैं कि बोनी कपूर का पासपोर्ट पुलिस ने अपने पास रख लिया है।

बोनी कपूर को रोका जा सकता है दुबई में ही

हालांकि, दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने इसका खंडन किया है। दूसरी खबर यह बताई जा रही है कि सरकारी पुलिस अब तक की जांच से संतुष्ट नहीं है और जांच आगे बढ़ाने के संकेत हैं। अगर ऐसा होता है तो न सिर्फ शव को मुंबई लाने में और ज्यादा विलंब हो जाएगा, बल्कि बोनी कपूर पर गिरफ्तारी का संकट गहरा सकता है। सूत्रों का कहना है कि दुबई पुलिस जल्दबाजी में नहीं है और जांच पूरी होने तक बोनी कपूर के दुबई छोड़कर जाने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों के हवाले से ये संभावना भी जताई जा रही है कि अगले 24 घंटे में श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई भेजने के लिए हरी झंडी दी जा सकती है, लेकिन बोनी को वहीं रोका जा सकता है।

शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी होने में लगते हैं 2-3 दिन

यूएई में भारतीय राजदूत नवदीप सूरी ने सोमवार रात ट्वीट कर बताया कि वह श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। इस तरह के मामलों में प्रक्रिया पूरी होने में 2 से 3 दिन का समय लगता ही है।

पूरे कपूर परिवार के लिए गए बयान 

स्थानीय पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस की हर ऐंगल से जांच कर रही है। इस सिलसिले में पुलिस ने सोमवार को श्रीदेवी के पति बोनी कपूर, बेटी खुशी कपूर समेत उन रिलेटिव से भी पूछताछ की है, जो इस टूर पर श्रीदेवी के साथ यहां आए हुए थे। पुलिस से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को देखने के बाद कुछ ऐसे सवाल थे, जिसके बाद हमने सोचा कि हमें इस केस पर दोबारा जांच करनी चाहिए।' एक सूत्र के मुताबिक, सोमवार को पुलिस ने बोनी कपूर से इस घटना की सिलेसिलेवार ढंग से पूछताछ की। इसके अलावा मोहित मारवाह के परिवार और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की गई।

होटल का कमरा सील, खंगाले जा रहे कॉल डिटेल्स

श्रीदेवी की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस उन कड़ियों को एक बार फिर सिलसिलेवार ढंग से रिक्रिएट कर रही है, जिससे वह मामले की तह तक पहुंच सके, कि आखिर कैसे और किन हालात में एमिरेट्स टावर के रूम नंबर 2201 में उनका शव मिला। रूम नंबर 2201 सीलसूत्रों का कहना है कि होटल ऐमिरेट्स का रूम नंबर 2201 पुलिस ने सील कर दिया है। इसी रूम में यह हादसा हुआ था। यही नहीं श्रीदेवी की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

जब तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अल कुसैस मोर्चरी में ही रखा जाएगा। दूबई के कुछ सूत्रों ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी, तो दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन (DPP) श्रीदेवी के शव का एक और बार पोस्टमॉर्टम के लिए कह सकती है। यह भी जानकारी मिली है कि DPP की बिना अनुमति के बोनी कपूर को दुबई छोड़ने की इजाजत नहीं है। बहरहाल पुलिस श्रीदेवी के फोन कॉल्स की डिटेल भी खंगाल रही है।

कानूनी प्रक्रिया में उलझी अंत्येष्टि

जटिल होती जा रही प्रक्रिया और कारणों को लेकर गहराते रहस्य के चलते श्रीदेवी के अंतिम संस्कार का मामला अभी और टलने की संभावना है। डॉक्टरों की तरफ से यह भी कहा जा रहा है कि दुबई में श्रीदेवी का शव सुरक्षित रखा रहेगा, लेकिन एक बार वहां से निकलकर मुंबई आने में कम से कम सात घंटे का वक्त लग जाएगा। जिसके बाद जल्दी ही अंतिम संस्कार की रस्मों को निभाना होगा।

भारत में श्रीदेवी के मेडिकल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे

इसके अलावा भारत में श्रीदेवी के मेडिकल रेकॉर्ड्स को भी तलाशा जा रहा है। प्रॉसिक्यूटर कार्यालय श्रीदेवी से जुड़ी यह जानकारियां भी चाहता है कि श्रीदेवी अब तक किस-किस तरह के मेडिकल ट्रीटमेंट से गुजरी हैं और उन्होंने कौन-कौन सर्जरी कराईं हैं। प्रॉसिक्यूशन इस एंगल भी जांच कर रहा है कि क्या उनकी सर्जरी को भी इस आकस्मिक मौत का कारण माना जा सकता है।

13 सीट वाला स्पेशल विमान दुबई में तैयार

दुबई के नियमों के मुताबिक मृत्यु प्रमाण-पत्र सबसे पहले अरबी भाषा में जारी किया जाता है। इसके साथ ही अंग्रेजी अनुवाद की सत्यापित प्रति भी उपलब्ध कराई जाती है। मुंबई में स्थित कपूर ऑफिस ने सोमवार देर शाम को बताया कि ऐक्ट्रेस श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मंगलवार को मुंबई लाया जाएगा। रिलायंस ग्रुप के मुखिया अनिल अंबानी का 13 सीट वाला एक विशेष विमान सोमवार से ही दुबई एयरपोर्ट पर श्रीदेवी का शव भारत लाने के लिए तैयार खड़ा है। यह विमान सोमवार शाम साढ़े 4 बजे भी उड़ान भरने के लिए तैयार था, लेकिन प्रॉसिक्यूटर ऑफिस से श्रीदेवी के शव को भारत लाने की मंजूरी न मिलने के कारण ऐसा नहीं हुआ।

आज देर शाम तक पार्थिव शरीर आने की उम्मीद

रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को निधन के बाद श्रीदेवी की पार्थिव देह अब भी शवगृह में है। खबरों के अनुसार देह को चार दिन हो चुके हैं और ऐसे में उसे सुरक्षित रखने के लिए उस पर एक विशेष प्रकार का लेप लगाया जाएगा। इस लेप को लगाने में 4 घंटे का समय लगेगा और यह प्रक्रिया दोपहर में शुरू होगी। वहीं सरकारी वकील शव ले  जाने की अनुमति दे देते हैं तो दुबई से भारत आने में 3 घंटे से ज्यादा का वक्त लगता है। सारी चीजों के बावजूद उनकी देह भारत लाने में आज शाम हो सकती है।

हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि फिलहाल की परिस्थितियों को देखते हुए इसकी सिर्फ उम्मीद की जा सकती है। सोमवार को श्रीदेवी के शव के पोस्टमॉर्टम के बाद दुबई पुलिस ने यह बयान जारी किया था कि ऐक्ट्रेस श्रीदेवी की मौत अचेत होकर बाथटब में गिरने के कारण हुई है। इसके बाद दुबई पुलिस ने यह केस तय नियमों के मुताबिक दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन को सौंप दिया, जो वहां के नियमों के मुताबिक अपनी जांच को आगे बढ़ा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.