Sri Lanka Serial Blast: भारतीयों को अब भी संभलकर रहने की सलाह, MEA ने जारी की हेल्पलाइन
भारतीय विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका जाने वाले भारतीयों को संभलकर रहने की सलाह दी है। विदेश मंत्रायल ने श्रीलंका में मौजूद भारतीयों के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है।
नई दिल्ली, एएनआइ। श्रीलंका में हुए ईस्टर वाले दिन आत्मघाती धमाकों ने पूरे देश को हिला कर रखा दिया। इन धमाकों ने ना सिर्फ देश बल्कि दुनिया भर के लोगों की आखों में आंसू ला दिए। कई परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई तो वहीं कई सौ बच्चों ने अपना परिवार खो दिया। इसे लेकर कोलंबो स्थित श्रीलंका रेडक्रॉस सोसायटी (एसएलआरसीएस) ने भी माना था कि पीडि़त परिवारों का जीवन पटरी पर आने में बहुत मुश्किलें आएंगी। हालांकि अब श्रीलंका में सुरक्षा स्थिति सामान्य होने लगी है। सोशल मीडिया पर बैन, कर्फ्यू हटने लगा है और स्कूल भी सामान्य रूप से खुलने लगे है।
हालांकि कि एक ताजा मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका जाने वाले भारतीयों को संभलकर रहने की सलाह दी है। विदेश मंत्रायल ने श्रीलंका में मौजूद भारतीयों के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है।
बता दें कि श्रीलंका में बीते 21 अप्रैल को ईस्टर के मौके पर भीषण आतंकी हमले में 257 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने ली थी, लेकिन श्रीलंका की सरकार ने इसमें स्थानीय संगठन का हाथ बताया था। श्रीलंकाई पुलिस के मुताबिक, इन हमलों को एक स्थानीय मौलवी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया था।
इन धमाकों के बाद श्रीलंका में कई तरह के फैसले लिए गए, जिनमें एक बड़ा फैसला था, बुर्के पर बैन। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेन ने अपनी आपातकालीन शक्तियों का प्रयोग करते हुए बुर्का या नकाब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। यह फैसला भी आत्मघाती हमलों के बाद सुरक्षात्मक कदम के तौर पर उठाया गया था। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। किसी को भी चेहरा इस तरह से नहीं ढकना चाहिए कि उसकी पहचान मुश्किल हो।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप