विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महीनों से सैलरी नहीं, उड़ानें भी ठप... स्पाइसजेट के संकट से अब हवाई सुरक्षा पर खतरा, पायलट संगठन ने दी चेतावनी

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:54 PM (IST)

पायलटों के संगठन FIP ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि स्पाइसजेट का गंभीर वित्तीय संकट उड़ानों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

संकट में स्पाइसजेट (File Photo- Reuters)

संकट में स्पाइसजेट (File Photo- Reuters)

HighLights

  1. पायलट संगठन ने स्पाइसजेट के वित्तीय संकट पर सुरक्षा चिंता जताई।

  2. कर्मचारियों को वेतन न मिलने से उड़ान सुरक्षा प्रभावित होने का डर।

  3. DGCA से एयरलाइन की तत्काल सुरक्षा जांच की मांग की गई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट को लेकर अब पायलटों के संगठन ने भी खतरे की घंटी बजा दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि एयरलाइन का भारी वित्तीय दबाव अब उड़ानों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

FIP के अध्यक्ष कैप्टन सीएस रंधावा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर मांग की है कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा स्पाइसजेट की तत्काल वित्तीय और परिचालन सुरक्षा जांच कराई जाए।

पायलटों के संगठन ने क्यों जताई सुरक्षा को लेकर चिंता?

मामले में पायलट संगठन का कहना है कि एयरलाइन ने महीनों से अपने कर्मचारियों को सैलरी नहीं दी है, जबकि पीएफ (PF) और टीडीएस (TDS) का बकाया इससे भी लंबे समय से अटका हुआ है।

कैप्टन रंधावा ने अपने पत्र में लिखा कि पायलटों और अन्य परिचालन कर्मचारियों को समय पर सैलरी न मिलना या देरी होना सबसे बड़ी चिंता का विषय है। आर्थिक असुरक्षा से कर्मचारियों में चिंता, मानसिक तनाव, नींद न आना और मानसिक थकान पैदा होती है। इसका सीधा असर इंसान की काम करने की क्षमता और अंततः उड़ान की सुरक्षा पर पड़ सकता है।

यात्रियों की परेशानी और नियामक की देरी पर सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट इस समय गिनी-चुनी उड़ानें ही संचालित कर पा रही है। आरोप है कि एयरलाइन अपने शेड्यूल के हिसाब से टिकट तो बेच रही है, लेकिन अधिकांश उड़ानें रद रहने से पिछले कई हफ्तों से यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रह जाते हैं। ऐसे में लंबे समय तक यात्रियों के हितों की अनदेखी के बाद, डीजीसीए ने हाल ही में एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

दूसरी तरफ FIP ने कहा कि स्पाइसजेट का संकट पूरे भारतीय विमानन उद्योग के लिए एक चेतावनी है। एयरलाइंस की आर्थिक स्थिरता और हवाई सुरक्षा आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं, इसलिए समय रहते सख्त निगरानी तंत्र बनाना जरूरी है।

FIP की सरकार से प्रमुख मांगें

पायलटों के संगठन ने एयरलाइन के बढ़ते कर्ज, विमानों के ग्राउंड होने, नकदी की कमी और सर्विस प्रोवाइडर्स के बकाया भुगतान पर चिंता जताते हुए सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

तत्काल सुरक्षा ऑडिट- DGCA द्वारा स्पाइसजेट की वित्तीय और परिचालन सुरक्षा की तुरंत समीक्षा की जाए।

अर्ली-वॉर्निंग सिस्टम- सभी शेड्यूल्ड एयरलाइंस की आर्थिक सेहत पर नजर रखने के लिए एक शुरुआती चेतावनी प्रणाली लागू की जाए, ताकि कोई भी संकट सुरक्षा खतरा बनने से पहले पकड़ा जा सके।

लागत कम करने के उपाय- देश में एयरलाइंस के संचालन के लिए अधिक किफायती माहौल तैयार किया जाए।

फंड जुटाने की तैयारी में स्पाइसजेट

गौरतलब है कि इस संकट के बीच, स्पाइसजेट के बोर्ड ने पिछले बुधवार को विभिन्न माध्यमों से 5500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। हालांकि, अभी तक किसी संभावित निवेशक का नाम सामने नहीं आया है।

बोर्ड बैठक के बाद एयरलाइन के सीएमडी (CMD) अजय सिंह ने कहा था कि हमें विश्वास है कि यह फंडरेज एयरलाइन को फिर से खड़ा करने, परिचालन मजबूत करने और ब्रांड को बहाल करने का महत्वपूर्ण अवसर देगा। हम आगे की चुनौतियों से वाकिफ हैं, लेकिन हमारे पास एक स्पष्ट योजना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।