अपराधी है सपा सरकार : खत्री
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री ने आरोप लगाया है कि मुजफ्फरनगर दंगा रोक पाने में नाकाम रही प्रदेश की सपा सरकार सैफई महोत्सव के नाम पर गरीब जनता की गाढ़ी कमाई पानी की तरह बहा रही है।
लखनऊ, जागरण ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री ने आरोप लगाया है कि मुजफ्फरनगर दंगा रोक पाने में नाकाम रही प्रदेश की सपा सरकार सैफई महोत्सव के नाम पर गरीब जनता की गाढ़ी कमाई पानी की तरह बहा रही है। एक तरफ जहां प्रदेश मुजफ्फरनगर दंगे से उबर नहीं पा रहा है वहीं दूसरी तरफ किसानों को गन्ने के बकाये भुगतान के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। शासन और प्रशासन जिस तरह इस आयोजन में लगा हुआ है उससे ऐसा लगता है कि रोम जल रहा है और प्रदेश सरकार नीरो की भूमिका में चैन की बंशी बजा रही है।
पढ़ें: टोल प्लाजा पर मारपीट करने वाला सपा नेता गिरफ्तार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता अपराधियों से त्रस्त है। सपा कार्यकर्ता प्रदेश में समानान्तर सरकार चलाते हुए कानून व्यवस्था को धता बता रहे हैं। लूटखसोट का नंगा नाच चल रहा है। ऐसे में सैफई महोत्सव जिसमें नग्नता तथा आइटम सांग का प्रदर्शन किया जा रहा है, दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रदेश की जनता के साथ क्रूर मजाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्हें तन ढकने के लिए न ही कम्बल की व्यवस्था है और न ही ठंड से बचने के लिए आग जलाने की व्यवस्था है। ऐसे में सैफई महोत्सव के नाम पर करोड़ों रुपये बहाया जाना प्रदेशवासियों के साथ घोर अपराध है और यह अपराध समाजवादी पार्टी की सरकार ही कर सकती है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर