सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में शह-मात का दांव, बढ़ते तनाव को कैसे कम करेंगे राहुल-अखिलेश?
सपा ने उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिससे कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में तनाव बढ़ गया है।

सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर बढ़ा तनाव (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की 26 सीटों की पेशकश के बाद मंगलवार रात पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के कदम ने सपा-कांग्रेस के सीट बंटवारे की कसरत में पेंच फंसा दिया है। सीट बंटवारे पर बातचीत को सकारात्मक बताने के दावों के विपरीत सपा के इस कदम ने दोनों गठबंधन दलों के बीच तनाव बढ़ा दिया है।
कांग्रेस ने जहां पहले ही 26 सीटों की पेशकश को खारिज कर दिया था वहीं बुधवार को सीट बंटवारे की बातचीत के बीच ही सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के एलान पर अपनी खुली नाराजगी जताने से परहेज नहीं किया।
पार्टी ने साफ कहा कि तालमेल समझौता पूरा होने तक सपा को संयम दिखाते हुए इस तरह की पहल से बचना चाहिए। सीट बंटवारे पर शुरू हुई इस तनातनी के बीच कांग्रेस की ओर से साफ संकेत हैं कि 26 सीटों की पेशकश पर चर्चा करना भी बेमानी है और पार्टी के लिए 100 सीटों से कम पर समझौता करने की गुंजाइश नहीं है।
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर शुरू हुई रस्साकशी का संकेत तो मंगलवार देर शाम को ही मिल गया था जिसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में इसे थामने की कोशिश करते हुए जीतने वाली 26 सीटों से बातचीत की शुरूआत की सफाई दी। हालांकि इसके बावजूद मंगलवार को दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच तालमेल में चले जा रहे सियासी दांव-पेंच को लेकर एक दूसरे पर तीर दागे गए।
उत्तरप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने तो बुधवार सुबह पौ फटते ही सपा पर हमले शुरू कर दिए क्योंकि उनके इलाके सहारनपुर की दो सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। इमरान मसूद ने सपा की पेशकश पर बिफरते हुए कहा कि "हम भीख नहीं मांग रहे हैं।"
उम्मीदवारों की सपा की घोषणा को अनुचित बताते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ बातचीत कर रहे हों और दूसरी तरफ घोषणाएं कर रहे हों तो इससे पता चलता है कि आप गंभीर नहीं हैं।
मसूद ने कहा कि बेशक हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि आगे क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं। सपा पर तीर चलाने के क्रम में मसूद ने तो भाजपा के खिलाफ लड़ने के उसके इरादों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या भाजपा से।
तालमेल के शुरूआती बातचीत के दौर में ही सपा के रूख से कांग्रेस नेतृत्व के भी असहज होने के संकेत हैं और उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की बुधवार को दी गई प्रतिक्रया में इसकी झलक दिखाई पड़ी। सपा के पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बारे में पूछे जाने पर गौतम ने लगभग नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही थी तब ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उन्हें ऐसा करने से बचना और इंतजार करना चाहिए था।
हालांकि सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की प्रतिबद्धता जताते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने यह भी कहा कि उम्मीद है कि सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ेगा। वहीं 26 सीटों की सपा की पेशकश को ठुकराने का संदेश देते हुए कहा कि हम ऐसे बयानों से सहमत नहीं हैं और हम सभी 403 सीटों पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पार्टी का जिम्मेदार नेतृत्व बातचीत कर रहा हो तो हमें उस जिम्मेदारी को समझते हुए उसके अनुरूप व्यवहार करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।