खुशखबरी! इस बार चार दिन पहले ही आ जाएगा मानसून, 28 को केरल में देगा दस्तक
28 मई को मानसून के केरल में दस्तक देने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार 100 फीसद सामान्य रहेगा मानसून।
नई दिल्ली (पीटीआइ)। इस बार मानसून समय से चार दिन पहले ही आ जाएगा। मौसम की भविष्यवाणी करने वाली निजी एजेंसी स्काइमेट की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 28 मई को केरल में दस्तक देगा। उसने बताया कि मानसून 20 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप पहुंचेगा और इसके बाद 24 मई को यह श्रीलंका में दस्तक देगा और फिर आगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ेगा।
स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, '28 मई को मानसून के केरल में दस्तक देने की पूरी संभावना है।' आमतौर पर एक जून को मानसून केरल में दस्तक देता है।
इस साल स्काईमेट और मौसम विभाग ने 100 फीसद सामान्य मानसून की भविष्यवाणी की है। वहीं अप्रैल में मौसम विभाग (आइएमडी) ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि मानसून का लंबी अवधि (एलपीए) का औसत 97 फीसद रहेगा जो कि इस मौसम के लिए सामान्य है। कम मानसून की बहुत कम संभावना है।
मानसून से पहले मौसम का कहर
मानसून से पहले बिगड़े मौसम के हाल ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश का खतरा अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, नए सिरे से उठे पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज पहाड़ी राज्यों के अलावा मैदानी इलाकों में भी आंधी तूफान की चेतावनी दी गई है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तूफान का अलर्ट किया गया है। कहा जा रहा है कि पहाड़ी राज्यों के तूफान का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा। इसके कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ दिल्ली, पश्चिमी यूपी, विदर्भ, बिहार, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पुडुचेरी में भी तूफान और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं, राजस्थान के कई हिस्सों में भी अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी आ सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम, और पश्चिम बंगाल के अलावा ओडिशा और झारखंड में भी 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अऩुमान है।