दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी शुरू
भारत मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने कहा, '27 सितंबर से मानसून की वापसी शुरू हुई है।'
नई दिल्ली, प्रेट्र। दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है। भारत मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया है कि इस बार मानसून सामान्य तारीख से 12 दिनों बाद लौट रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, लेकिन अभी भी यह तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी भीतरी कर्नाटक और केरल में सक्रिय है।
भारत मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने कहा, '27 सितंबर से मानसून की वापसी शुरू हुई है।' देश से मानसून वापसी की सामान्य तारीख 15 सितंबर है। भारत में मानसून सामान्य तौर पर एक जून से सक्रिय होता है और 30 सितंबर को इसकी अवधि समाप्त हो जाती है।
मौसम विभाग ने कहा, 'निचले क्षोभमंडल में चक्रवात रोधी स्थिति निर्मित होने, नमी में पर्याप्त कमी और क्षेत्र में शुष्क मौसम को देखते हुए कहा जा सकता है कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्से और कच्छ के कुछ हिस्से और उत्तर अरब सागर से 27 सितंबर को दक्षिण पश्चिम मानसून लौट चुका है।'
रमेश ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के शेष हिस्से, पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा के कुछ हिस्से, पूर्वी राजस्थान के शेष हिस्से, गुजरात के और कुछ हिस्से और उत्तर अरब सागर से अगले 48 घंटे के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी के लायक स्थिति है।
यह भी पढ़ें: बाढ़ की विभीषिका को कम करने के लिए हो राजनयिक प्रयास: राजनाथ