‘मोदी सरकार के पैरों तले जमीन खिसक चुकी है, यह रिजीम टिकने वाली नहीं’: संस्मरण में सोनिया गांधी का बड़ा दावा
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बीलोंगिंगः ए जर्नी आफ लव' में दावा किया है कि नरेंद्र मोदी सरकार के पैरों ...और पढ़ें

संस्मरण में सोनिया गांधी का बड़ा दावा।
HighLights
मोदी सरकार के पैरों तले जमीन खिसक चुकी है, सोनिया गांधी का दावा।
यह शासन टिकने वाला नहीं, सरकार के कदम असुरक्षा दर्शाते हैं।
संस्मरण में राजीव गांधी हत्या, शाह बानो मामले का उल्लेख।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह रिजीम (शासन) टिकने वाली नहीं है और सरकार के कदम ही उसकी असुरक्षा को दर्शाते हैं।
सोनिया ने 'बीलोंगिंगः ए जर्नी आफ लव' में लिखा है कि उन्हें अगली पीढ़ी में न्याय की चाह और दमनकारी व्यवस्थाओं व अन्याय को खत्म करने की आकांक्षा महसूस होती है। हालांकि इसमें समय लगेगा, लेकिन बदलाव का पहिया घूमेगा और वे सफल होंगे। वे हमारे देश के आत्मा को फिर से पुनर्जीवित करेंगे और इसके घावों को भरेंगे। 526 पन्नों की इस किताब में सोनिया ने इटली में अपने बचपन से लेकर कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, उनकी हत्या और राजनीति में अपने प्रवेश तक का उल्लेख किया है।
उन्होंने लिखा है, सरकार अभी भी मानती है कि उसकी सत्ता और लोकप्रियता बरकरार है, लेकिन मेरा मानना है कि उसके पैरों तले जमीन खिसक चुकी है। मुख्यधारा का मीडिया पहले की तरह पक्षपाती बना हुआ है, लेकिन सरकार के कदम ही उसकी असुरक्षा को दर्शाते हैं।
विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हालिया महीनों में हुए विधानसभा चुनाव मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की ओर स्पष्ट संकेत करते हैं। साथ ही कहा कि सरकारी मनगढ़ंत बातें अब विश्वसनीय नहीं रह गई हैं। महंगाई, बेरोजगारी और व्यापक भ्रष्टाचार से जूझ रहे लोग अब खुलकर बोलने से कम डरते हैं।
‘भाजपा के विभाजनकारी शासन’ के दीर्घकालीन परिणामों के सवाल पर सोनिया ने कहा कि अधिनायकवादी शासन लोकप्रिय प्रतिरोध का जवाब और अधिक दमन से देते हैं और भारत भी इसका सामना कर रहा है। लेकिन यह रिजीम टिकने वाली नहीं है। सत्ता के दुरुपयोग के अपरिहार्य परिणाम होते हैं और अंततः उसका पतन होता है।
उन्होंने लिखा है, 'मुझे इसमें कोई संदेह नहीं कि विविधता वाले हमारे देश पर एक धर्म और एक भाषा थोपने की आरएसएस की दीर्घकालीन वर्चस्ववादी योजना का दृढ़ता से विरोध होगा…।'
राहुल ने कहा था, ...तो उनके अंतिम संस्कार के लिए आना पड़ेगा
सोनिया ने संस्मरण में राजीव गांधी की हत्या से जुड़े घटनाक्रम को भी याद किया है। इसके मुताबिक, राहुल ने राजीव के साथ यात्रा के दौरान हत्या से करीब दो महीने पहले अपनी मां से कहा था, 'अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो मुझे पता है कि जल्द ही मुझे उनके अंतिम संस्कार के लिए लौटना पड़ेगा।'
उन दिनों राहुल गांधी अमेरिका में पढ़ रहे थे और तत्कालीन वीपी सिंह सरकार ने राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी। यह कदम नए खतरों के आकलन के बावजूद उठाया गया था। सोनिया गांधी ने लिखा है, ‘एक दोस्त ने (राजीव गांधी की हत्या के बाद) राहुल को फोन कर कहा था- बुरी खबर है।’ इस पर राहुल ने तुरंत जवाब दिया, ‘पापा नहीं रहे, है न?’
शाह बानो मामले पर राजीव ने कहा था, निष्पक्षता से हल की कर रहा कोशिश
शाह बानो प्रकरण पर सोनिया ने लिखा है कि राजीव गांधी के कार्यकाल में हिंदू-मुस्लिम तनाव का पहला मामला 1985 में मुस्लिम तलाकशुदा महिला शाह बानो के अधिकारों से जुड़े कानूनी मामले के रूप में सामने आया था। उसने अपने पति से अपने और बच्चों के लिए गुजारा भत्ता पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। पति ने दूसरी शादी कर ली थी और उन्हें घर से निकाल दिया था।
अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया और थोड़ा गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया। पहली नजर में यह एक सीधा-सा समाधान था, लेकिन उनके पति ने मुस्लिम पर्सनल लॉ के आधार पर फैसले को चुनौती दी थी। धर्म के भेद के बिना सभी नागरिकों पर लागू कानून बनाने की दलील का सीधा टकराव धर्म की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार से हुआ। इस अधिकार में वे कानूनी गारंटियां भी शामिल थीं, जो आजादी के शुरुआती वर्षों में देश के अल्पसंख्यकों को दी गई थीं कि उनके पर्सनल लॉ की रक्षा की जाएगी।
सोनिया ने लिखा, 'इस मुद्दे को लेकर मैं बेचैन थी। मुस्लिम महिलाओं समेत कई जानी-मानी महिला कार्यकर्ताओं ने शाह बानो के गुजारा भत्ता पाने के अधिकार का समर्थन किया था। मैंने उनसे (राजीव गांधी से) बहस की और पूछा- अखबार आप पर मुस्लिम महिलाओं के हितों की बलि देने का आरोप लगा रहे हैं। यह क्या हो रहा है? आप ऐसा क्यों होने दे रहे हैं?'
उन्होंने जवाब दिया कि वह जटिल स्थिति से निष्पक्षता से निपटने की कोशिश कर रहे हैं। वह शाह बानो और उनके जैसी अन्य महिलाओं की समस्या का समाधान इस तरह तलाश रहे थे कि मुस्लिम पर्सनल लॉ की पूरी व्यवस्था खतरे में न पड़े। राजीव गांधी ने जो समझौता स्वीकार किया, उससे धार्मिक मान्यताओं और लैंगिक न्याय के बीच संतुलन बना।
मैं दाल-चावल के बिना एक दिन भी नहीं रह सकती
सोनिया ने लिखा है कि भारतीय भोजन का उनके जीवन में हमेशा से खास स्थान रहा है और राजीव गांधी से उनकी मुलाकात भी अच्छे खाने की तलाश के दौरान हुई थी। अब दाल-चावल उनके लिए घर के स्वाद जैसा है और वह इसके बिना एक दिन भी नहीं रह सकतीं।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।