ऑपरेशन ब्लू स्टार से गुजरात दंगो तक: सोनिया गांधी की किताब ने खोले विवादों के अध्याय, आत्मकथा की बड़ी बातें
सोनिया गांधी की संस्मरणात्मक पुस्तक 'बिलान्गिंग: ए जर्नी आफ लव' ने ऑपरेशन ब्लू स्टार, सिख विरोधी दंगों और गुजरात दंगों पर उनके नजरिये से नए विवाद खड़े कर दिए हैं।

सोनिया गांधी की किताब ने खोले विवादों के अध्याय
HighLights
सोनिया गांधी की किताब 'बिलान्गिंग' ने राजनीतिक विवाद छेड़ा।
ऑपरेशन ब्लू स्टार, 1984 सिख विरोधी दंगों पर नए खुलासे।
गुजरात दंगों पर सोनिया के विचार, भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरणात्मक पुस्तक 'बिलान्गिंग : ए जर्नी आफ लव' में विभिन्न घटनाओं, मुद्दों, नेताओं और निकट संबंधियों पर जो कुछ अपने नजरिये से लिखा है उससे कुछ नई जानकारी सामने आने के साथ ही विवादों का पिटारा भी खुल गया है।
उनके संस्मरण के कुछ अंशों पर भाजपा ने उन्हें और कांग्रेस को सवालों के साथ घेरना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस नेता भी भाजपा की आपत्तियों पर पलटवार कर रहे हैं। अपने संस्मरण में सोनिया ने ऑपरेशन ब्लू स्टार से लेकर सिख विरोधी दंगों व गुजरात दंगों और संप्रग के दौर के शासनकाल को जिस तरह पेश किया है, उसे लेकर भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने भी उन पर तीखा हमला बोला है।
सोनिया ने लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद स्वर्ण मंदिर की तस्वीरें और वीडियो देखकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आंखों से आंसू छलक आए थे। 1984 में सिख विरोधी दंगों को रोकने में कार्रवाई में देरी को लेकर कांग्रेस की आलोचनाओं का बचाव करते हुए उन्होंने लिखा है कि तत्कालीन सेना प्रमुख ने नजदीकी सैन्य टुकड़ियों को तैनात नहीं करने का फैसला किया था।
गुजरात दंगों के संदर्भ में उन्होंने कहा है कि उस दौरान एक व्यक्ति ने रोते हुए मदद मांगी थी और उसकी फरियाद ने उन्हें झकझोर कर रख दिया था। सोनिया के इस संस्मरण की कुछ बातें लंबे समय तक राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रह सकती हैं और उनका असर आगामी विधानसभा चुनावों में भी दिखाई दे सकता है।
सोनिया ने संस्मरण में कहा है कि वर्ष 1984 में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इस बात का गहरा दुख था कि स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई का अंत इतने बड़े रक्तपात और जानमाल के नुकसान के साथ हुआ।
उन्होंने पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी शिरोमणि अकाली दल के नेताओं के साथ पंजाब में शांति का रास्ता तलाशती रही थीं। जनवरी 1984 में स्वर्ण मंदिर के बाहर एक इमारत पर खालिस्तानी झंडा फहराया गया था।
भिंडरावाले और उसके सहयोगी 15 अगस्त को स्वर्ण मंदिर पर खालिस्तानी झंडा फहराकर अलग देश की घोषणा करने की योजना बना रहे थे। अंततः अनिच्छा के बावजूद उन्होंने सेना को ऑपरेशन ब्लू स्टार शुरू करने का आदेश दिया। ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया था।
उन्होंने बच्चों को शाम के बाद बाहर खेलने से मना किया था, लेकिन अपने सुरक्षा दस्ते से सिख सुरक्षाकर्मियों को हटाने से इन्कार कर दिया था। उनका मानना था कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव करना उनके सिद्धांतों के विरुद्ध होगा।
2002 के गुजरात दंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने लिखा है कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दंगा प्रभावित अहमदाबाद के दौरे पर थीं। प्रतिनिधिमंडल को दंगा पीड़ितों के लिए बनाए गए कुछ राहत शिविरों में ले जाया गया। ऐसे ही एक शिविर में अपनी बाहों में एक बच्ची को थामे हुए एक लंबा और दुबला-पतला व्यक्ति दिखा। उसने कहा, 'यह मेरी बच्ची है। राक्षसों ने इसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।'
कांग्रेस नेता ने लिखा कि हमदर्दी के कुछ शब्द कहने के अलावा कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थीं। उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘‘दंगों के वक्त राज्य के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी थे। मुझे उम्मीद थी की तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मोदी को बर्खास्त कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
राजीव के पार्थिव अवशेषों की भयावह तस्वीर आज तक नहीं देखी
सोनिया ने लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के तीन दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद उन्होंने आज तक उस तस्वीर को नहीं देखा है, जिसमें विस्फोट के बाद उनके पति के पार्थिव अवशेष दिखाई देते हैं। राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी ने जानबूझकर उन्हें इस तस्वीर से दूर रखा था।
सोनिया ने सिखों के जख्मों पर नमक छिड़का : भाजपा
भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील एचएस फुलका ने आरोप लगाया कि सोनिया अपने पति राजीव गांधी को "क्लीन चिट" देने की कोशिश कर रही हैं।
वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को कहा, 'सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी स्वर्ण मंदिर साहिब और अकाल तख्त साहिब की तस्वीरें देखकर दुखी हो गई थीं। उनका यह बयान तथ्यों के विपरीत है। यह सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।'
उन्होंने सोनिया से माफी की मांग करते हुए कहा कि जब इंदिरा गांधी ने खुद आरेशन का आदेश दिया था, तो तस्वीरें देखने के बाद उनके दुखी होने का सवाल ही नहीं उठता।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।