'कलयुगी' बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से काट डाली गर्दन, कई बार किया धारदार हथियार से वार
मध्य प्रदेश के रतलाम में कलयुगी बेटे ने अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। शादी नहीं कराने को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद हो गया था।
रतलाम (नईदुनिया)। मध्य प्रदेश के रतलाम में कलयुगी बेटे ने अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। मामला सैलाना के ग्राम मउड़ा कोटड़ा का है। जहां मंगलवार सुबह 28 वर्षीय रामचंदर शादी नहीं कराने की बात को लेकर अपनी मां से नाराज हो गया। उस वक्त ये शायद ही उसकी मां को अहसास होगा कि जिस बेटे को उसने जन्म दिया है, वो उसका कत्ल कर देगा।
गर्दन काटकर मां को मार डाला
70 वर्षीय मां कमलीबाई के साथ बेटे का विवाद इतना बढ़ गया कि उसने धारदार हथियार से अपनी मां की गर्दन काटकर उसे मार डाला। बेरहम कलयुगी बेटे ने एक या दो नहीं बल्कि कई वार किए। जानकारी के अनुसार कमलीबाई घर पर थी। पति पास वाले कमरे में थे। बड़ा पुत्र धीरजी पशु चराने गया हुआ था, तभी रामचंदर मां कमलीबाई के पास पहुंचा और कहने लगा कि उसकी शादी क्यों नहीं कराई जा रही है। मां ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
मां और बेटे में विवाद बढ़ता चला गया। इसी बीच उसने धारदार हथियार से कमलीबाई की गर्दन पर वार किया। इससे गर्दन आधी कट गई। चीख सुनकर पति व बड़ा बेटा मौके पर पहुंचा तो रामचंदर वहां से भाग गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी।