विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सॉलिसिटर जनरल पद से वकील रंजीत कुमार ने दिया इस्तीफा

By Monika MinalEdited By:
Published: Fri, 20 Oct 2017 02:08 PM (IST)Updated: Fri, 20 Oct 2017 07:00 PM (IST)

रंजीत कुमार को वर्ष 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था।

सॉलिसिटर जनरल पद से वकील रंजीत कुमार ने दिया इस्तीफा
सॉलिसिटर जनरल पद से वकील रंजीत कुमार ने दिया इस्तीफा

 

नई दिल्ली, प्रेट्र/आइएएनएस। केंद्र सरकार के दूसरे सर्वोच्च कानूनी अधिकारी सॉलिसिटर जनरल रंजीत कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद के कार्यालय को शुक्रवार को उनका त्यागपत्र मिल गया। रंजीत कुमार ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सॉलिसिटर जनरल का पद छोड़ने की बात कही है। कुछ माह पहले इस तरह की खबरें आई थीं कि सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम उन्हें शीर्ष अदालत में बतौर जज नियुक्त करने पर विचार कर रही है।

रंजीत कुमार को वर्ष 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। इस साल जून में उनका कार्यकाल बढ़ाया गया था। उन्होंने एक निजी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में सरकार के साथ किसी भी तरह के मतभेद से इन्कार किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता और कानूनविद रंजीत कुमार ने बताया कि उनके प्रति सरकार का रवैया बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने कहा, 'मैंने निजी और पारिवारिक वजहों के चलते त्यागपत्र दिया है। मैं काम के चलते इनपर ध्यान नहीं दे पा रहा था।'

रंजीत कुमार को संवैधानिक और कर से जुड़े मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। वह गैंगस्टर सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ मामले में गुजरात सरकार के वकील रहे थे। इसके अलावा कई अहम मामलों में एमाइकस क्यूरे (न्याय मित्र) की भूमिका भी निभा चुके हैं। रंजीत कुमार से पहले सर्वोच्च कानूनी अधिकारी अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

यह भी पढ़ें: जनता से किए वादों को पूरा न कर पाने से दुखी हैं ये सांसद, पद से देंगे इस्तीफा