कश्मीर घाटी में सोशल मीडिया साइटों से हटा प्रतिबंध
सरकार ने 22 सोशल मीडिया साइटों व एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसको लेकर उसे कश्मीर और देश से बाहर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
श्रीनगर, एएनआइ। कश्मीर घाटी में फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर समेत 22 सोशल मीडिया साइटों व एप्स से प्रतिबंध हटा दिया गया है। भारत सरकार ने बीते 17 अप्रैल को इन पर प्रतिबंध लगा दिया था। 3G आैर 4G डाटा सेवाएं भी बाधित कर दी गई थीं।
ऐसी खबरें थीं कि कुछ राष्ट्र विरोधी एवं असमाजिक तत्व सोशल नेटवर्किंग साइटों के माध्यम से कश्मीर में कानून-व्यव्स्था की धज्जियां उड़ाने पर तुले हुए हैं। इसके बाद ही सरकार ने 22 सोशल मीडिया साइटों व एप्स पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया। इसको लेकर सरकार को राज्य में और देश से बाहर भी आलोचनाओं को सामना करना पड़ा। 11 मई को संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने भारत सरकार से जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट सेवाओं से प्रतिबंध हटाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता 'पुनर्स्थापित' करने का अनुरोध किया था।
यह भी पढ़ें: कश्मीर में भारतीय सेना को एक और बड़ी कामयाबी, मार गिराए 6 आतंकी