देश में अब तक 4,76,377 लोगों ने दी कोरोना को मात, रिकवरी दर हुई 62 फीसद से ज्यादा
Coronavirus Updates केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में 476377 लोग स्वस्थ हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में एक दिन में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 24,879 मामले आने के साथ ही गुरुवार को संक्रमितों की कुल संख्या 7,67,296 पर पहुंच गई जबकि 487 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 21,129 हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में 4,76,377 लोग स्वस्थ हुए हैं जबकि अब भी 2,69,789 लोग संक्रमित हैं जिनका उपचार चल रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक करीब 62.08 फीसद मरीज स्वस्थ हुए हैं। संक्रमितों की कुल संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
कोरोना से जिन 487 और लोगों की मौत हुई है उनमें से महाराष्ट्र में 198, तमिलनाडु में 64, कर्नाटक में 54, दिल्ली में 48, बंगाल में 23, उत्तर प्रदेश में 18, गुजरात में 16, आंध्र प्रदेश में 12, तेलंगाना में 11, राजस्थान में 10, मप्र में सात, जम्मू कश्मीर और ओडिशा में छह-छह, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में तीन-तीन तथा असम में दो लोगों ने जान गंवाई है।
महाराष्ट्र में चार हजार से अधिक ठीक हुए
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में गुरुवार को 6875 मामले सामने आए जबकि 219 लोगों की मौैत दर्ज की गई। इस दौरान 4067 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए। राज्य में इस समय 93,653 सक्रिय मामले हैं। जबकि अब तक कुल 9,667 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसी तरह तमिलनाडु में गुरुवार को 4231 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक 1,26,581 मामले आ चुके हैं। फिलहाल राज्य में 46,652 मामले सक्रिय हैं।
दिल्ली में भी काफी रफ्तार से ठीक हो रहे कोरोना पीड़ित
इसी तरह दिल्ली में कोरोना पीड़ितों के ठीक होने की रफ्तार काफी तेज हो गई हैं। अब तक 78,199 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस समय 23452 मामले सक्रिय हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में मृतकों का कुल आंकड़ा 3213 हो चुका है।
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 1248 मामले सामने आए। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने बताया कि राज्य में इस समय 10,373 मामले सक्रिय हैं जबकि 21,127 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब तक कुल 862 लोगों ने इस बीमारी की चपेट में आकर प्राण गंवाए हैं।