पहाड़ों पर फिर शुरू होगी बर्फबारी, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी
उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में रविवार को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी शुरू हो सकती है।
जसां, नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में रविवार को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम का यह मिजाज मंगलवार तक बने रहने की उम्मीद है। वहीं, कश्मीर के उच्च इलाकों में बर्फबारी शनिवार को ही शुरू हो गई है। इसके चलते प्रदेश में ठंड फिर से बढ़ गई है।
कड़ाके की ठंड से कांपा जम्मू कश्मीर, जम्मू-श्रीनगर हाईवे भी रहा बंद
जम्मू कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को फिर भारी बर्फबारी हुई। जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने से ठंड और बढ़ गई है। जवाहर टनल के आसपास सुबह नौ बजे से हुई बर्फबारी के बाद डेढ़ घंटे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा। वहीं, सुबह कोहरा छाए रहने के कारण हवाई सेवा प्रभावित रही। प्रशासन ने कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है।
कहां रहा कितना तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
श्रीनगर 4.2 -2.0
पहलगाम 4.3 -4.4
गुलमर्ग -2.0, -7.0
लेह 1.2 -9.2
कारगिल -3.0 -18.9
(तापमान डिग्री सेल्सियस में दिया गया है)
चार धाम में फिर बढ़ेगी ठंड, बर्फबारी के आसार
प्रदेश में पिछले तीन दिनों के मुकाबले शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली। इससे मसूरी और देहरादून में ठंड महसूस की गई। जबकि शनिवार को अल्मोड़ा का तापमान भी माइनस तीन डिग्री दर्ज किया गया। जोशीमठ, पंतनगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहा।
कहां रहा कितना तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पंतनगर 23.2 3.6
जोशीमठ, 23.1, 3.0
पिथौरागढ़ 18.5 2.9
मुक्तेश्वर 16.0, 2.8
अल्मोड़ा, 23.0, -3.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में दिया गया है।)
हिमाचल में 22 से 24 तक भारी बर्फबारी की चेतावनी, अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम का रुख बदलना शुरू हो गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने 22 से 24 जनवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी देकर हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से कहा है कि वे 22 से 24 जनवरी तक सतर्कता बरतें और कोई जरूरी काम न होने पर घर से अकेले बाहर न निकलें। तेज हवा के कारण प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हिमस्खलन की भी संभावना है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान अधिकतम न्यूनतम
केलंग 3.5 -5.2
कल्पा 6.9 -1.8
मनाली 12.2 2.2
सोलन 19.0 5.4
भुंतर 18.2 5.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)