मौसी की शादी में आई छह साल की मासूम से दुष्कर्म, फिर हत्या
ग्लाविलयर में अपनी मौसी की शादी में आई छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, तलाश जारी।
ग्वालियर (नईदुनिया)। मौसी की शादी में शामिल होने आई छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची को एक लड़का आइस्क्रीम या चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ कैंसर पहाड़ी के जंगल में ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। घटना बुधवार रात कैंसर पहाड़ी आयुर्वेदिक संस्थान के पीछे जंगल की है। पूरा घटनाक्रम एक घंटा 27 मिनट के बीच हुआ है।
परिवार संग शादी में गई थी मासूम
आरोपी रात 1:21 बजे बच्ची को ले गया और वारदात को अंजाम देकर रात 2:48 बजे लौटा। उसका जाना-आना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। भिंड के मौ कस्बे में रहने वाली छह साल की बच्ची अपने शिक्षक पिता, पत्रकार दादा व मां सहित अन्य परिजन के साथ बुधवार शाम 7 बजे रिश्ते में मौसी की शादी में शामिल होने गड्ढे वाला मोहल्ला कम्पू में आई थी। शादी का कार्यक्रम कैंसर पहाड़ी आयुर्वेदिक संस्थान के पीछे सामुदायिक भवन से होना था। रात 9 बजे अपने परिवार के साथ तैयार होकर वह कार्यक्रम स्थल पहुंची। धीरे-धीरे पूरा परिवार शादी में व्यस्त हो गया।
नई फ्रॉक में मासूम रानी भी चहक रही थी। रात एक बजे पिता ने उसे मां के पास उनका मोबाइल लाने के लिए कहा। वह महिलाओं के बीच बैठी मां से मोबाइल लेकर आई और पिता को दिया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। रात 2.30 बजे रानी की मां ने उसे नहीं देखकर उसके पिता को बताया। तब उसकी तलाश शुरू हुई। रातभर तलाश करने के बाद सुबह 5 बजे कम्पू थाना पुलिस को सूचना दी गई, पर पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। परिजन अपने स्तर पर तलाश करते रहे।
गुरुवार दोपहर जब परिजन पहाड़ी की तरफ तलाश करने वापस पहुंचे तो वहां बच्ची की मोती की माला टूटी मिली। इसके बाद वह आगे बढ़ते गए। जहां माला मिली उससे करीब 300 मीटर अंदर जंगल में बच्ची का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक पड़ताल में बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या होना साफ हो गया था। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई है।
सीसीटीवी फुटेज में ले जाता दिखा दरिंदा
सुबह 9 बजे तक मासूम का कुछ पता नहीं चला तो इसी समय सामुदायिक भवन के रास्ते के सामने डॉ. दीपक यादव के मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे देखे गए। परिजन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। रात 1.21 बजे सामुदायिक भवन से एक 19-20 साल का लड़का कुछ लालच देकर बच्ची को अपने पीछे ले जा रहा है। कुछ दूर जाने के बाद वह मासूम का हाथ पकड़कर उसे जंगल की तरफ ले जा रहा है। अंधेरा देखकर एक बार बच्ची लौटी भी, लेकिन आरोपी ने आवाज देकर फिर कुछ कहा और वह पीछे चल दी। इसके बाद वही लड़का रात 2.48 बजे लौटता दिख रहा है लेकिन वह अकेला ही था उसके साथ बच्ची नहीं थी।
1 घंटे 27 मिनट तक वह मासूम को अपनी हैवानियत का शिकार बनाकर हत्या कर लौटा था। कौन हो सकता है आरोपी? आरोपी के फुटेज मासूम के परिजन व अन्य रिश्तेदारों को दिखाए हैं। पर कोई उसे पहचान नहीं पा रहा है। वह काले जूते पहने और शर्ट की कॉलर पर सफेद रूमाल लगाए है। जिस तरह का हुलिया दिख रहा है उससे वह शादी में आए कैटरर्स की टीम का सदस्य, पानी स्टॉल या आइस्क्रीम स्टॉल पर काम करने वाला लग रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।