छत्तीसगढ़ में महिला समेत छह नक्सली गिरफ्तार, निलवाया हमले में शामिल होने का आरोप
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दो जगहों से सोमवार को एक महिला समेत छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया।
दंतेवाड़ा, पीटीआइ। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दो जगहों से सोमवार को एक महिला समेत छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से तीन नक्सली अक्टूबर 2018 में हुए निलवाया हमले में कथित तौर पर शामिल बताए जा रहे हैं। दंतेवाड़ा में हुए इस हमले में दूरदर्शन का एक कैमरामैन और तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि अरनपुर पुलिस थानों की सीमा के तहत आने वाले नीलावे इलाके से इनको पकड़ा गया है। इनमें से दो की पहचान हुंगा कोर्राम (21) और किशोर माडवी (19) के रूप में हुई है, जो दोनों जनमिलिशिया प्लाटून के सक्रिय सदस्य हैं। महिला की पहचान जोगी कोर्राम (20) के तौर पर हुई है और वह चेतना नाट्य मंडली की सदस्य भी है। यह माओवादियों का एक सांस्कृतिक संगठन है।
पुलिस अधीक्षक पल्लव ने बताया कि कोरम और मडवी के ऊपर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। ये तीनों माओवादी दस्ते का हिस्सा थे, जिन्होंने निलवाया गांव के पास दूरदर्शन के तीन सदस्यीय दल की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। एक अन्य जगह से सुखदेव वेको (30), फगनू अतामी (21) और मोटू किस्के (22) को गीडम साप्ताहिक बाजार से पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोपी हैं। वेको नक्सल पलटन नंबर-16 का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। इस पर दो लाख रुपये जबकि अतामी पर एक लाख रुपये का नकद इनाम था। तीनों को पुलिस की रेकी करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, ये किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।