पहली बार राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा सिक्किम, गंगटोक में कल से शुरू होंगे मुकाबले
सिक्किम की राजधानी गंगटोक में 14 से 21 नवंबर तक योनेक्स-सनराइज 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन होगा। यह ...और पढ़ें

सिक्किम बेडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष जेकब खालिंग (फाइल फोटो)
HighLights
गंगटोक में 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज।
सिक्किम पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।
500 से अधिक खिलाड़ी, 33 टीमें चैंपियनशिप में भाग लेंगी।
राज्य ब्यूरो, गंगटोक। सिक्किम की राजधानी गंगटोक में शनिवार से योनेक्स-सनराइज 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आगाज होगा। 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिये सिक्किम पहली बार राष्ट्रीय स्तर की आधिकारिक बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
प्रतियोगिता पाल्जोर स्टेडियम स्थित इंडोर स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित की जाएगी। बैडमिंटन एसोसिएशन आफ सिक्किम (बीएएस) के अध्यक्ष जेकब खालिंग ने बताया कि राज्य सरकार ने इस आयोजन को राज्य प्रतियोगिता का दर्जा दिया है।
चैंपियनशिप के तहत दो चरणों में मुकाबले होंगे। 14 नवंबर को अंतरक्षेत्रीय (इंटर जोनल) टीम चैंपियनशिप की शुरुआत होगी, जिसमें पांच जोन की टीमें हिस्सा लेंगी। 15 नवंबर को इस प्रतियोगिता का समापन होगा।
इसके बाद 16 नवंबर से अंडर-19 व्यक्तिगत राष्ट्रीय चैंपियनशिप के मुकाबले शुरू होंगे, जो 21 नवंबर तक चलेंगे। इस आयोजन में देश के 28 राज्य और पांच केंद्रशासित प्रदेशों से 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इनके अलावा 100 से अधिक अधिकारी, अतिथि और अन्य प्रतिनिधियों के पहुंच रहे है। इस तरह आयोजन में कुल करीब 600 लोगों की भागीदारी होगी। प्रतियोगिता में कुल 33 टीमें शामिल होंगी। मेजबान राज्य होने के कारण सिक्किम को दोनों प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने का अवसर मिला है।
प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकीं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली खिलाड़ी तान्वी शर्मा और तान्वी पात्रा समेत कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। इससे सिक्किम के खेल प्रेमियों को देश के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। चैंपियनशिप का समापन 21 नवंबर को होगा। इस अवसर पर इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन संगीत प्रस्तुति देंगे।