विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिक्किम में ई-कोर्ट परियोजना में घोटाला, जिला जज और हाईकोर्ट अधिकारी के ठिकानों पर विजिलेंस का छापा

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:59 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 11:02 PM (IST)

सिक्किम सतर्कता पुलिस ने ई-कोर्ट परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर एक जिला जज और उच्च न्यायालय के अधिकारी के परिसरों पर छापा मारा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. ई-कोर्ट परियोजना में अनियमितताओं को लेकर सतर्कता पुलिस की कार्रवाई।

  2. जिला जज और उच्च न्यायालय अधिकारी के परिसरों पर तलाशी अभियान।

  3. आईटी उपकरण खरीद में फर्जीवाड़े और वित्तीय नुकसान का आरोप।

जागरण संवाददाता, गंगटोक। सिक्किम सतर्कता पुलिस ने ई-कोर्ट परियोजना के तहत उच्च न्यायालय के लिए आईटी और नेटवर्किंग उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में शनिवार को एक कार्यरत जिला जज और सिक्किम उच्च न्यायालय के एक अधिकारी के सरकारी तथा आवासीय परिसरों पर एक साथ तलाशी ली।

मामले में गंगटोक की एक निजी कंपनी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार कंपनी पर अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर कथित अनियमितताओं में सहयोग करने का आरोप है।

मामला वित्त वर्ष 2025-26 में उच्च न्यायालय के लिए उच्च क्षमता वाले सर्वर और नेटवर्किंग उपकरणों की खरीद से जुड़ा है। इनमें नेटवर्क अटैच्ड स्टोरेज (एनएएस) सर्वर, नेटवर्क स्विच और फायरवाल सुरक्षा प्रणाली शामिल हैं।

भारत सरकार ने स्वीकृत की थी राशि

यह परियोजना भारत के सर्वोच्च न्यायालय की ई-कोर्ट पहल के तहत संचालित की गई थी। इसके लिए भारत सरकार ने सिक्किम उच्च न्यायालय को करीब 4.15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की थी। परियोजना का उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना था।

सतर्कता पुलिस के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच में परियोजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले थे। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने निजी कंपनी के साथ मिलीभगत कर खरीद प्रक्रिया को प्रभावित किया, जिससे सरकारी खजाने को अनुचित वित्तीय नुकसान हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि निजी कंपनी ने निविदा प्रक्रिया के दौरान निर्माता का अनिवार्य प्राधिकरण पत्र (एमएएफ) कथित रूप से फर्जी दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया। इससे खरीदे गए उपकरणों की तकनीकी पात्रता और दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर सवाल उठे हैं।

अधिकारियों की निगरानी में गंभीर चूक

पुलिस ने बताया कि परियोजना पर खर्च होने के बावजूद खरीदे गए सर्वर और अन्य नेटवर्किंग प्रणालियां अब तक पूरी तरह चालू नहीं हो सकी हैं। इसके लिए परियोजना के क्रियान्वयन में कमियों और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में गंभीर चूक को जिम्मेदार माना जा रहा है।

तलाशी के दौरान खरीद से संबंधित फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अब जांच में पूरी निविदा और खरीद प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी। साथ ही निजी कंपनी द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की प्रामाणिकता, सरकारी खजाने को हुए वास्तविक वित्तीय नुकसान और मामले में शामिल लोगों व संस्थाओं की भूमिका का पता लगाया जाएगा।

सतर्कता पुलिस ने कहा कि कार्यरत न्यायिक अधिकारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई दुर्लभ है। मामले की संवेदनशीलता और ई-कोर्ट परियोजना के महत्व को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है और जांच प्रभावित न हो, इसलिए आगे की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। पुलिस ने अभी किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।