देश में कोरोना वायरस से राहत के संकेत, नए मामलों में गिरावट, जानें क्या है राज्यों की स्थिति
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को संक्रमण के नए मामलों में गिरावट देखने को मिली। सोमवार को जहां 693 नए केस सामने आए थे मंगलवार को यह संख्या 354 रह गई।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना वायरस से राहत के कुछ संकेत मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को संक्रमण के नए मामलों में गिरावट देखने को मिली। सोमवार को जहां चौबीस घंटे में 693 नए केस सामने आए थे, मंगलवार को यह संख्या घटकर 354 रह गई। राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक भी देश में एक दिन पहले के मुताबिक नए मामलों में कमी आई है और छह सौ से कम केस पाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए आंकड़े
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अभी तक 124 लोगों की मौत हुई और 4664 संक्रमित हुए हैं। जबकि 326 लोग ठीक हुए हैं। मंत्रालय ने उसकी तरफ से जारी किए जाने वाले आंकड़ों और राज्यों से मिलने वाले आंकड़ों में अंतर को फिर स्पष्ट किया है। मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों से संक्रमितों और मौतों को लेकर सूचनाएं देर से मिलती हैं और फिर उन्हें संकलित करने में भी वक्त लगता है, इसके चलते आंकड़ों में अंतर आता है।
सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में
राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक देश में मंगलवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 12 मौतें हुई हैं। इनमें मुंबई में छह, पुणे में तीन और नागपुर, सतारा और मीरा भायंदर इलाके में एक-एक मौत शामिल है। राज्य में अब तक 64 लोगों की मौत हुई है। गुजरात में तीन लोगों की जान गई है, जो एक दिन में राज्य में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसमें जामनगर का 14 महीने का एक बच्चा भी है, जिसे पांच अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। इसके अलावा मध्य प्रदेश में छह, दिल्ली में दो और जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु व ओडिशा में एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। ओडिशा में कोरोना से यह पहली मौत है।
मुंबई में 116 केस मिले
महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या मंगलवार को एक हजार के पार चली गई। 150 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 1,018 हो गई है। नए मामलों में अकेले मुंबई में ही 116 केस मिले। इसके अलावा पुणे के 18 नए मामले भी इसमें शामिल हैं।
तमिलनाडु में 69 नए मामले
तमिलनाडु में भी 69 नए मामले सामने आए हैं। जैसा कि पहले ही हम बता चुके हैं, इनमें 63 तब्लीगी जमात से जुड़े लोग हैं, जो दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज से लौटे हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 690 हो गई है। 12 नए मामलों के साथ कर्नाटक में संक्रमित 175 और नौ नए केस के साथ केरल में 336 संक्रमित हो गए हैं। तेलंगाना में 40 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमित 348 हो गए हैं। आंध्र प्रदेश में 10 नए केस सामने आए हैं और 314 संक्रमित हो गए हैं।
गुजरात में 10 नए मामले
गुजरात में 10 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 175 हो गई है। ओडिशा और असम में भी एक-एक नए संक्रमित मिले हैं। असम में संक्रमित पाया गया व्यक्ति तब्लीगी जमात से जुड़ा है। ओडिशा और असम में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 42 और 26 हो गई है।
जम्मू-कश्मीर में 16 नए मामले
जम्मू-कश्मीर में 16 नए मामले सामने आए हैं और राज्य में अभी तक मिले संक्रमितों की संख्या 125 हो गई है। मध्य प्रदेश में 60 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 327 हो गई है। उत्तर प्रदेश में 19 केस मिले हैं और आंकड़ा 336 हो गया है। पंजाब में 20 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें छह जमाती हैं और संक्रतिमों की संख्या 99 हो गई है। राजस्थान में 42 नए मामलों मिले हैं, जिनमें 12 जमाती हैं और संक्रमितों की संख्या 343 हो गई है। दिल्ली में 51 नए केस सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 576 हो गई है।
हरियाणा में 40 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 38 तब्लीगी जमात के हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 152 हो गई है। बंगाल में आठ मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमित 69 हो गए हैं, जबकि छह नए मामलों के साथ बिहार में संक्रमितों की संख्या 38 हो गई है। हिमाचल प्रदेश में नौ नए केस मिले हैं और सभी तब्लीगी हैं। राज्य में कुल 28 संक्रमित हो गए हैं।
राज्य नए मामले तब्लीगी
तमिलनाडु 69 63
हरियाणा 40 38
कर्नाटक 12 4
केरल 9 2
असम 1 1
पंजाब 20 6
देश में कुल संक्रमित
राज्य संक्रमित
महाराष्ट्र -1,018
तमिलनाडु - 690
दिल्ली - 576
केरल - 336
उत्तर प्रदेश - 336
आंध्र प्रदेश - 314
राजस्थान - 343
मध्य प्रदेश - 327
तेलंगाना - 348
कर्नाटक -175
गुजरात - 175
जम्मू-कश्मीर - 125
हरियाणा - 152
पंजाब - 99
बंगाल - 69
उत्तराखंड - 31
बिहार -38
असम -26
ओडिशा - 42
चंडीगढ़ - 18
लद्दाख - 14
हिमाचल प्रदेश - 28
अंडमान-निकोबार -10
छत्तीसगढ़ - 10
गोवा -7
पुडुचेरी -4
झारखंड -4
मणिपुर -2
मिजोरम -1
त्रिपुरा - 1