'एक कचौड़ी-दो समोसा' वाले नारे पर शिवराज सिंह का आया रिएक्शन, जानिए क्या बोले कृषि मंत्री
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में छात्राओं के प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की है।
HighLights
शिवराज सिंह चौहान ने छात्राओं के विरोध प्रदर्शनों पर चिंता जताई।
उन्होंने वायरल नारे 'एक कचौड़ी, दो समोसा' पर सवाल उठाए।
बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प का आह्वान किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद सड़कों पर उतरे छात्राओं के विरोध प्रदर्शनों पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिंता व्यक्त की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे छात्राओं के नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे हालात क्यों बने कि बेटियों को अपनी सुरक्षा और पुरुषों को लेकर इस तरह के नारे लगाने पड़ रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने वायरल नारे एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्थिति इस मोड़ पर क्यों पहुंच गई है कि हमारी बेटियों को ऐसे नारे लगाने पड़ रहे हैं, इस पर हम सभी को बहुत गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने समाज से सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपनी बहनों और बेटियों का सम्मान करना होगा, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी और उनके अधिकारों की रक्षा करनी होगी।
सोशल मीडिया पर गूंज रहे अनोखे नारे
लेडी श्रीराम कॉलेज के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में छात्राएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान कई तुकबंदी वाले नारे सामने आए हैं जो इंस्टाग्राम और एक्स पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
इनमें 'एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा', 'एक जीरा, दो अजवाइन, मर्द समाज दो इस्तीफा' और 'ठंडी चाय गरम करो, मर्द जात शर्म करो' जैसे नारे इंटरनेट पर खासी चर्चा बटोर रहे हैं।
महिला सुरक्षा के लिए छात्राओं का उग्र प्रदर्शन
इस मामले में पहला बड़ा प्रदर्शन 23 सितंबर को हुआ था, जब लेडी श्रीराम कॉलेज, मिरांडा हाउस, गार्गी कॉलेज और डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे।
इसके बाद 25 सितंबर को साउथ कैंपस और आर्ट्स फैकल्टी के पास सैकड़ों छात्राओं ने मार्च निकालकर सुरक्षित सार्वजनिक स्थानों की मांग की।
बढ़ते दबाव के बीच डीडीए और एमसीडी ने पार्कों का सुरक्षा ऑडिट शुरू किया है, जिसमें रोशनी, एंट्री-एग्जिट पर सुरक्षा गार्ड और रात की गश्त पर ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं दिल्ली पुलिस के अनुसार मामले के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से एक लॉ का छात्र है और एक को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- 'लोकतंत्र नहीं, वंशवाद बचाओ यात्रा', केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर तीखा वार
यह भी पढ़ें- खरगे के बयान पर भड़के शिवराज सिंह, बोले- पीएम मोदी, अमित शाह को अवैध कहना जनादेश का अपमान
