हसीना का बांग्लादेश विजय दिवस दांव: ढाका लौटने के एलान पर सियासत, मंत्री बोले- सिर्फ हथकड़ी में होगी वापसी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर, 2026 को स्वदेश लौटने की घोषणा की है, जिस पर बांग्लादेश सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

शेख हसीना का बांग्लादेश वापसी का एलान (फाइल फोटो)
HighLights
शेख हसीना ने 16 दिसंबर, 2026 को बांग्लादेश लौटने की घोषणा की।
बांग्लादेश सरकार ने प्रत्यर्पण या गिरफ्तारी की बात कही है।
इस घोषणा से भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव बढ़ने की आशंका।
जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। पिछले दो से अधिक वर्षों से भारत में निर्वासित जीवन जी रही बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर, 2026 को स्वदेश लौटने का एलान किया है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तानी सेना की हार और स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय के विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।
हसीना की घोषणा के बाद बांग्लादेश ने जिस तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त की है, उससे साफ है कि उनकी वापसी बहुत आसान नहीं होगी। बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि वह भारत से सिर्फ प्रत्यर्पण के जरिये और हाथों में हथकड़ी पहनकर ही लौट सकती हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि कपड़ा फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों की हड़ताल व आंदोलन और देश के कई हिस्सों में आवामी लीग समर्थकों के धरना-प्रदर्शनों से कई अंदरूनी चुनौतियों का सामना कर रही प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार हसीना की घोषणा से सकते में है।
शेख हसीना पिछले तीन महीनों में बांग्लादेश लौटने को लेकर कई बार बयान दे चुकी हैं। 'दैनिक जागरण' को दिए साक्षात्कार में भी उन्होंने इस बात के संकेत दिए थे। उन्होंने अपने वकील के जरिये नौ और 19 नवंबर को दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से आवश्यक यात्रा दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया है। हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने बताया कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर होगी।
उन्होंने तारिक रहमान सरकार से कहा है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय 'बिमान एयरलाइंस' से ही वापस आएंगी। अली ने मीडिया को जारी बयान में कहा, 'चूंकि शेख हसीना को पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी हवाई यात्रा की व्यवस्था करने को कहा है। संविधान का उल्लंघन कर उन्हें निर्वासित किया गया था। ऐसी परिस्थितियों में अब यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर, विजय दिवस पर उनकी बांग्लादेश वापसी संभव बनाए।'
पांच अगस्त, 2024 को छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद से हसीना भारत में रह रही हैं। इस विद्रोह के कारण 15 वर्ष पुरानी उनकी सरकार गिर गई थी। नवंबर, 2025 में मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नई दिल्ली का कहना है कि ढाका के अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। यह मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव का कारण है। हसीना ने आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वह बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।
हसीना की घोषणा पर मंगलवार को बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने कहा, 'उन्हें (हसीना को) केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है। हसीना क्या चाहती हैं और वास्तव में क्या हो सकता है, इन दोनों के बीच अंतर करना होगा।'
एक अन्य विदेश राज्यमंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने कहा कि सरकार हसीना के साथ उन कानूनों के अनुसार ही व्यवहार करेगी, जो विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े पर लागू होते हैं। हसीना बांग्लादेश की सीमा में जहां भी दाखिल होंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के सूचना-प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा, 'शेख हसीना आएंगी या नहीं, इस पर उनसे चर्चा नहीं होनी है। चर्चा भारत के साथ होगी।' बांग्लादेश में मुख्य विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने कहा कि उसके शीर्ष नेता शफीकुर रहमान, प्रधानमंत्री रहमान के साथ बातचीत के लिए ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया की यात्रा बीच में छोड़कर बांग्लादेश लौट रहे हैं। जमात की चुनावी सहयोगी युवा-नेतृत्व वाली नेशनल स्टूडेंट्स पार्टी (एनसीपी) ने कहा कि हसीना के स्वदेश लौटने पर उनके लिए फांसी का तख्ता तैयार रखा जाएगा।
बहरहाल, हसीना की घोषणा से भारत-बांग्लादेश संबंधों पर और अधिक दबाव पड़ने की आशंका है। बांग्लादेश सरकार इसे भारत के छिपे समर्थन के रूप में देख सकती है और कूटनीतिक गतिरोध गहरा सकता है। ऐसे में सीमा मुद्दे, जल बंटवारा, व्यापार व सुरक्षा सहयोग जैसे पहले से लंबित विषयों पर बातचीत और मुश्किल हो सकती है।
हसीना की वापसी की कोशिश बांग्लादेश की आंतरिक राजनीति को भी प्रभावित कर सकती है। आवामी लीग समर्थकों में उत्साह बढ़ने और रहमान सरकार पर दबाव बढ़ने से देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ने की आशंका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारत इस मामले में सक्रिय भूमिका निभाता है तो बांग्लादेश इसे हस्तक्षेप मान सकता है, जिससे दोनों देशों के बीच विश्वास का स्तर और गिर सकता है। हाल में रहमान ने आंतरिक उथल-पुथल के लिए परोक्ष तौर पर भारत पर आरोप भी लगाए थे।
'16 दिसंबर का चुनाव प्रतीकात्मक'
एपी के अनुसार, हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने कहा, "यह बहुत ही प्रतीकात्मक है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर, यानी हमारे विजय दिवस को चुना है। हमें पूरा विश्वास है कि वह अपने पिता, बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में मिली उस महान जीत का सम्मान करते हुए अपने लोगों के बीच इस ऐतिहासिक दिन को मनाएंगी। हमें पूरा भरोसा है कि वह जरूर लौटेंगी और उनके लौटने के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश एक बार फिर शांति, स्थिरता और समृद्धि की ओर आगे बढ़ेगा।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।