चेतन भगत की युवाओं को सलाह पर शशि थरूर ने की उनकी खास शब्दों में तारीफ
कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर बेहतरीन और स्पष्ट संदेश देने वाला बताया था। इस पर भगत ने ट्वीट कर कहा कि आपकी तारीफ से खुशी मिली।
नई दिल्ली, प्रेट्र। जाने माने लेखक चेतन भगत के आग्रह पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने उनकी खास शब्दों में सराहना की। दरअसल, इसकी शुरुआत चेतन भगत के एक लेख की थरूर की सराहना के साथ हुई। अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित चेतन भगत के लेख को कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर बेहतरीन और स्पष्ट संदेश देने वाला बताया था। इस पर भगत ने ट्वीट कर कहा कि आपकी तारीफ से खुशी मिली। साथ ही उन्होंने थरूर से कुछ 'बड़े शब्दों' में उनकी तारीफ करने का आग्रह किया, जिसके लिए वो जाने जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने बिना देर किए भगत के तारीफों के पुल बांध दिए। थरूर ने चेतन भगत के लेख को 'पांडित्यपूर्ण', 'सूक्ष्मदर्शी' और विषय की गहरी समझ वाला बताया। चेतन भगत के लेख का शीर्षक था, 'युवाओं को अपने मोबाइल बंद करने और अर्थव्यवस्था के बारे में पूछने की आवश्यकता है'।
बता दें मशहूर लेखक चेतन भगत (Chetan Bhagat) इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। चेतन भगत अपनी किताबों के साथ-साथ अपने बेबाक विचारों के लिए भी खूब जाने जाते हैं. समसामयिक मुद्दों पर चेतन भगत (Chetan Bhagat) बेबाकी से अपनी राय भी पेश करते हैं। हाल ही में उन्होंने अर्थव्यवस्था को लेकर भी ट्वीट किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि 5% लोगों के अलावा बाकी भारतीय अर्थव्यवस्था की परवाह क्यों नहीं करते हैं। उन्हें लगता है कि इसका उनसे सीधा कोई नाता नहीं है। चेतन भगत के इस ट्वीट को लेकर यूजर भी खूब कमेंट कर रहे हैं।
चेतन भगत (Chetan Bhagat) ने अपने ट्वीट में लिखा केवल 5 फीसदी भारतीयों को छोड़कर बाकि लोग अर्थव्यवस्था की चिंता क्यों नहीं करते हैं। उन्हें लगता है कि इससे उनका सीधा कोई नाता नहीं है। सस्ते 4जी डाटा का मतलब है दिमाग का बाकी मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाना। वे केवल मनोरंजन और भावनाओं से भरपूर न्यूज चाहते हैं, अर्थव्यवस्था की तो बिल्कुल भी नहीं।