वाघेला ने विधानसभा से दिया इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने पर सस्पेंस
बुधवार दोपहर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रमण वोरा को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल व मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद थे।
अहमदाबाद, जेएनएन। वरिष्ठ नेता शंकरसिंह वाघेला ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है, मुख्यमंत्री रुपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी वाघेला के साथ मौजूद थे। उन्होंने पिछले महीने अपने जन्म दिन पर ही कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
गुजरात में राज्यसभा चुनाव के पहले ही कांग्रेस नेताओं में भारी मतभेद उभर आए थे। प्रदेश अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी व वरिष्ठ नेता शंकरसिंह वाघेला के बीच वर्चस्व को लेकर चले आंतरिक द्वंद के बीच वाघेला अपने समर्थकों के साथ पार्टी से अलग हो गए थे। वाघेला ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ मिलकर अपने अजीज साथी व कांग्रेस उम्मीदवार अहमद पटेल को चुनाव में हराने का प्रयास किया लेकिन दो बागी विधायकों के मत रद्द होने के चलते उनकी बाजी उलट गई थी।
बुधवार दोपहर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रमण वोरा को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल व मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद थे। उनके साथ कांग्रेस छोडने वाले 13 विधायक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं तथा जल्द अब वे भाजपा में शामिल होंगे। वाघेला खुद किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे लेकिन उनके पुत्र महेन्द्रसिंह वाघेला व अन्य विधायक भाजपा में जाएंगे। वाघेला के समधी बलवंतसिंह राजपूत पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल की राज्यसभा चुनाव की जीत में उनका साथ देने वाले कांग्रेस के 44 विधायक 20 अगस्त को दिल्ली जाएंगे। यहां उनकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी से कराई जाएगी, 21 अगस्त को सभी विधायक पटेल के जन्मदिन समारोह में शिरकत करेंगे। इन विधायकों की एकजुटता के बूते ही पटेल राज्यसभा चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे।
यह भी पढ़ें: इशरत जहां मुठभेड़ मामला: आरोपी आमीन पर SC ने गुजरात सरकार को संज्ञान लेने को कहा