शाह देंगे गुजरात चुनाव प्रचार को धार, सोशल मीडिया के प्रचार की ढूंढ रहे काट
सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग करने वाली भाजपा इस बार खुद सोशल मीडिया के विकास पागल हो गया है ट्रेंड में फंस गई है।
अहमदाबाद [ शत्रुघ्न शर्मा ] । चुनाव प्रचार में आधुनिक तकनीक व सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग करने वाली भाजपा इस बार खुद सोशल मीडिया के विकास पागल हो गया है ट्रेंड में फंस गई है। भाजपा ने इसकी काट में सोशल मीडिया में ही विकास दिखता है अभियान चलाया है, भाजपा की चुनावी रणनीति पूरी तरह अमित शाह के हाथ में लिहाजा वे इसे और धार देने के मूड में हैं।
अहमदाबाद में टाउन हॉल कार्यक्रम के जरिए राज्य के एक लाख से अधिक युवाओं से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के संवाद करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की नवसर्जन गुजरात यात्रा को लेकर भाजपा सतर्क हो गई है। पाटीदार व सौराष्ट्र भाजपा का कोर वोट बैंक है, करीब पांच दर्जन विधानसभा सीट वाले इस इलाके में पकड मजबूत करने के लिए भाजपा व कांग्रेस दोनों जोर आजमाइश कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सौराष्ट्र कच्छ के लिए दस हजार करोड की जलापूर्ति योजना के विविध चरण का उदघाटन करने के साथ सरदार सरोवर नर्मदा बांध का भी लोकार्पण कर चुके हैं। लेकिन सोशल मीडिया में भाजपा के विकास को लेकर चल रहे संदेश से सरकार व संगठन दोनों मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।
विकास पागल हो गया के जवाब में भाजपा ने विकास दिखता है अभियान चलाया है लेकिन यह जोर नहीं पकड रहा। भाजपा अध्यक्ष अमिति शाह ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए तीन दिन के गुजरात दौरे पर हैं। शाह ने मंगलवार रात्रि प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी के साथ बैठक की। प्रदेश के साथ वे जिला पदाधिकारियों व मंत्रियों से भी मुलाकात करने वाले हैं। शाह का पूरा ध्यान इस बार भाजपा के चुनाव प्रचार पर है, राहुल की सौराष्ट्र यात्रा तथा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के खुलकर कांग्रेस के पक्ष में आ जाने के बाद भाजपा पाटीदारों को साधने के भी प्रयास करेगी
गौरतलब है कि केन्द्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने प्रदेश के आला नेताओं को सोशल मीडिया के प्रचार पर बोलने से इनकार किया था लेकिन रुपाणी, नितिन पटेल व वाघाणी लगातार इस पर बयान देते रहे जिससे यह ट्रेंड कर गया।
झूठ के कारण विकास हुआ पागल: राहुल
सौराष्ट्र के जेतपुर में अपनी इस यात्रा की अंतिम सभा में भी राहुल ने विकास के मुद्दे को उठाया। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इतने झूठ बोले की विकास पागल हो गया। मोदी ने मूंगफली, कपास के दाम का वादा किया पर मिला नहीं। पानी, बिजली का दावा करते हैं लेकिन किसानों को नहीं मिल रहा। कांग्रेस सत्ता में आई तो 10 दिन में कर्ज माफ कर देगी।
अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने पाटीदार आरक्षण आंदोलन के चलते राज्य में आरक्षण से वंचित वर्गों के लिए एक स्वतंत्र आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। यह पिछडे वर्ग के सर्वे से लेकर उच्च शिक्षा के लोन देने आदि का काम करेगा।
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि राज्य सरकार ने आंदोलनकारियों व अन्य समाज के नेताओं से जो वादा किया था उसे पूरा करते हुए आरक्षण से वंचित वर्गों के लिए आरक्षण शैक्षणिक विाकस निगम का गठन का फैसला किया है। राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह आरक्षण से वंचित वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक स्तर का सर्वे, देश व विदेश में उच्च शिक्षा के लिए कम ब्याज पर लोन आदि देने का काम करेगा।