यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी बच्चों के लिए बड़ा खतराः राजनाथ सिंह
देश में तेजी से बढ़ रही बाल समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सरकार के साथ बच्चों के अभिभावकों को दिए सुझाव।

नई दिल्ली, प्रेट्र। मानव तस्करी गरीब देशों के लिए एक बड़ी समस्या है। इसी से जुड़े सेक्स पर्यटन और बच्चों के यौन शोषण के मामले हैं। ये बच्चों के लिए बड़े खतरे हैं। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बच्चों पर अपराधों के संबंध में चौथी एशियाई मंत्री स्तर की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
राजनाथ ने कहा, बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी की है। इसमें उनके आसपास रहने वाले लोग- माता-पिता, शिक्षक, बच्चों और समाज सभी शामिल हैं। मानव तस्करी पूरे एशिया के लिए समस्या बनी हुई है। सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते दायरे और आर्थिक वातावरण के बदलाव से बच्चों के लिए नए खतरे पैदा हो गए हैं। सेक्स टूरिज्म, चाइल्ड पोर्नोग्राफी ऑनलाइन खतरे के विकसित होते स्वरूप हैं। इसी के साथ मौसम के बदलाव, प्राकृतिक आपदा और झगड़ों से भी बच्चों के जीवन पर असर पड़ रहा है।
हमें सुरक्षा का ऐसा दायरा बनाने की जरूरत है कि परिवार और समाज के भीतर ही उनकी देख-रेख की जा सके। उनके जीवन पर असर डालने वाले कारकों को सकारात्मक स्वरूप में बदला जा सके। भारत सरकार आधार कार्ड के जरिये बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किए हैं। एक नेशनल पोर्टल बनाकर बच्चों की मौजूदगी पर नजर रखी जाती है। साथ ही कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी बच्चों की स्थितियों पर नजर रखती हैं। मानव तस्करी की समस्या से जूझ रहे देश इन तरीकों से सबक ले सकते हैं।