Move to Jagran APP

अरुणाचल में सीमा पर हिमस्खलन में दबकर सात जवान हुए बलिदान, पीएम मोदी और रक्षा मंत्री समेत कई ने जताया दुख

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन से सेना के जवानों की जान जाने से दुखी हूं। हम अपने देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Tue, 08 Feb 2022 05:02 PM (IST)Updated: Wed, 09 Feb 2022 12:45 AM (IST)
अरुणाचल में सीमा पर हिमस्खलन में दबकर सात जवान हुए बलिदान, पीएम मोदी और रक्षा मंत्री समेत कई ने जताया दुख
सीमावर्ती इलाके में गश्त के दौरान लापता हो गए थे सेना के जवान, सभी के शव मिले

नई दिल्ली, प्रेट्र। अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में देश की सीमा की सुरक्षा करते सात जवान हिमस्खलन की चपेट में आकर बलिदान हो गए हैं। हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद पिछले दो दिन से सेना के ये जवान लापता थे। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को सभी के शव मिले। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जवानों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

loksabha election banner

पश्चिमी कामेंग जिले में तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर ऊंचाई वाले इलाके में रविवार को हिमस्खलन के बाद लापता कर्मियों को ढूंढने के लिए सेना ने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया था।

एक अधिकारी ने कहा, 'हिमस्खलन वाले स्थान से सभी सात जवानों के शव बरामद हुए हैं। दुर्भाग्यवश, अभियान में जुटे प्रत्येक व्यक्ति के सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद, सभी सात लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।'

उन्होंने कहा, 'आगे की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सैन्यकर्मियों के शव घटनास्थल से नजदीकी सैन्य अस्पताल ले जाए जा रहे हैं।' ये सभी 19 जम्मू एवं कश्मीर राइफल्स के जवान थे।

भारतीय सेना ने बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

भारतीय सेना के पूर्वी कमान ने इन सभी बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी है। सेना ने कहा कि ये सभी रैंक हवलदार जुगल किशोर, आरएफएन अरुण कट्टल, आरएफएन अक्षय पठानिया, आरएफएन विशाल शर्मा, आरएफएन राकेश सिंह, आरएफएन अंकेश भारद्वाज और जीएनआर गुरबाज सिंह के सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

इस दुखद हादसे को शब्दों में बयां करना कठि: राष्ट्रपति कोविंद

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने ट्वीट किया, 'इस दुखद हादसे को शब्दों में बयां करना कठिन है। वीर जवानों ने देश की सेवा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके इस निस्वार्थ बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके स्वजन के प्रति मेरी संवेदना।'

उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू सचिवालय से किए गए ट्वीट में भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है।

पीएम मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया है, 'अरुणाचल प्रदेश में हिमस्खलन से सेना के जवानों की जान जाने से दुखी हूं। हम अपने देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।' रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जवानों के मौत पर दुख जताया है।

राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बीडी मिश्र और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बहादुर सैनिकों के बलिदान हमेशा याद किए जाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.