विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत में होगा SCO का पहला 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम, पाकिस्तान को भी आमंत्रण; PM मोदी करेंगे उद्घाटन

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:40 PM (IST)

भारत 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का पहला सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित कर रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

भारत में आयोजित एससीओ सम्मेलन का पाकिस्तान को आमंत्रण

भारत में आयोजित एससीओ सम्मेलन का पाकिस्तान को आमंत्रण

HighLights

  1. भारत 20-22 नवंबर को दिल्ली में एससीओ फोरम आयोजित करेगा।

  2. प्रधानमंत्री मोदी 20 नवंबर को फोरम का उद्घाटन करेंगे।

  3. पाकिस्तान सहित कई देशों को इसमें आमंत्रित किया गया है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का पहला सिविलाइजेशनल डायलाग फोरम आयोजित कर रहा है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को बताया कि चीन समेत कई देशों ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

आमंत्रण पाकिस्तान को भी है। शेखावत पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर आशावान हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 नवंबर को इस फोरम का उद्घाटन करेंगे।यदि पाकिस्तान का कोई दल इसमें शामिल होता है तो ऑपरेशन सिंदूर (मई 2025) के बाद यह पहला मौका होगा, जब कोई पाकिस्तानी अधिकारी भारत दौरे पर आएगा।

हाल ही में सितंबर 2026 के अंत में (28-30 सितंबर) पाकिस्तान में एससीओ काउंसिल आफ नेशनल को-आर्डिनेटर्स की बैठक हुई थी, जिसमें भारतीय विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और भारत के एससीओ नेशनल को-आर्डिनेटर अलोक अमिताभ डिमरी ने हिस्सा लिया था।

यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी वरिष्ठ भारतीय अधिकारी का पाकिस्तान दौरा था। पाकिस्तान हाल ही में एससीओ काउंसिल आफ हेड्स आफ स्टेट का सालाना अध्यक्ष बना है। इसका अर्थ यह है कि अगले वर्ष (संभवत: अगस्त 2027) एससीओ शिखर सम्मेलन पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होगा।

पीएम मोदी आमतौर पर एससीओ के हर शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेते रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे पाकिस्तान में होने वाले शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेते हैं या नहीं।शेखावत ने मीडिया से बातचीत में कहा, पाकिस्तान की सभ्यता और सांस्कृतिक विकास हमारे से कोई अलग नहीं है।

पाकिस्तान की भागीदारी पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि सांस्कृतिक संवाद हर विवाद का समाधान नहीं कर सकता, लेकिन यह भरोसा बनाने, बातचीत शुरू करने, देशों तथा सभ्यताओं के बीच टिकाऊ रिश्ते बनाने में मदद कर सकता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने भी कहा है कि भारत इस वार्ता को लेकर काफी उत्सुक है।यह फोरम एससीओ देशों को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और बेहतर आपसी समझ के जरिये करीब लाने का मकसद रखता है। इसमें 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी की उम्मीद है।

भारत ने पाकिस्तान समेत एससीओ के सभी 10 स्थायी सदस्यों को आमंत्रित किया है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी निमंत्रण भेजा गया है। अभी तक इस्लामाबाद ने अपनी भागीदारी की पुष्टि नहीं की है।

चीन, ईरान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत करीब 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि कर दी है। फोरम संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

इसमें सभ्यतागत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला एवं वास्तुकला, भाषा-साहित्य-पाण्डुलिपि जैसे विषयों पर सत्र होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वर्ष तियानजिन एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रस्तावित की थी, जिसे एससीओ परिषद ने अपनाया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।