भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, IPS अधिकारी श्रीनाथ जोशी महादेव की अग्रिम जमानत रद
सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में आरोपित आईपीएस अधिकारी श्रीनाथ जोशी महादेव की अग्रिम जमानत रद कर दी है।

आईपीएस अधिकारी को मिली अग्रिम जमानत सुप्रीम कोर्ट से रद।
HighLights
आईपीएस अधिकारी श्रीनाथ जोशी महादेव की अग्रिम जमानत सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की।
कर्नाटक हाई कोर्ट का अग्रिम जमानत आदेश शीर्ष अदालत ने पलटा।
महादेव को तीन सप्ताह में आत्मसमर्पण, नियमित जमानत का विकल्प।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस द्वारा भ्रष्टाचार के एक मामले में की जा रही जांच के मामले में पद का दुरुपयोग करने के आरोपित आइपीएस अधिकारी श्रीनाथ जोशी महादेव की अग्रिम जमानत सुप्रीम कोर्ट ने रद कर दी है।
जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने कर्नाटक हाई कोर्ट का अग्रिम जमानत आदेश रद करते हुए 29 अक्टूबर को महादेव को आदेश की तिथि से तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून के मुताबिक वह सक्षम अदालत में नियमित जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं। कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने अग्रिम जमानत प्रदान करने के हाई कोर्ट के एक सितंबर, 2025 के आदेश को चुनौती दी थी। उस समय महादेव लोकायुक्त पुलिस में एसपी थे।
शीर्ष अदालत ने कहा कि महादेव के विरुद्ध आरोपों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है, क्योंकि वह भ्रष्टाचार से निपटने के लिए स्थापित संस्था (लोकायुक्त) में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी होने के नाते महादेव की तुलना जांच और गिरफ्तारी से संरक्षण मांगने वाले किसी आम व्यक्ति से नहीं की जा सकती।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)