विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सबवेंशन धोखाधड़ी मामलों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, अभियोजन की मंजूरी देने का आदेश

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:56 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने एचडीएफसी, आईसीआईसीआई सहित कई बैंकों को सबवेंशन योजना धोखाधड़ी मामलों में अधिकारियों के अभियोजन की एक सप्ताह के भीतर बिना शर्त मंजूरी देने का निर्देश दिया है। 

सबवेंशन धोखाधड़ी पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख। (फाइल)

 सबवेंशन धोखाधड़ी पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख। (फाइल)

HighLights

  1. बैंकों को सबवेंशन धोखाधड़ी में अभियोजन की मंजूरी दें।

  2. एक सप्ताह में मंजूरी न देने पर प्रमुखों को पेश होना होगा।

  3. सीबीआई को दो सप्ताह में जांच पूरी करने का निर्देश।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सम्मान कैपिटल और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस को रियल एस्टेट डेवलपरों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जुड़े सबवेंशन (सहायता) योजना धोखाधड़ी के मामलों में अपने अधिकारियों के अभियोजन की बिना शर्त मंजूरी एक सप्ताह के भीतर देने का निर्देश दिया।

ध्यान रहे कि रियल एस्टेट या लोन में 'सबवेंशन स्कीम' का मतलब खरीदार के लोन के ब्याज या शुरुआती किस्तों का भार बिल्डर या विक्रेता द्वारा उठाना भी होता है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को चेतावनी दी कि निर्देश का पालन नहीं होने पर इन वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा।

पीठ ने अपने आदेश में कहा,"हम ऊपर उल्लिखित सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को एक सप्ताह के भीतर अभियोजन की बिना शर्त मंजूरी देने का निर्देश देते हैं। ऐसा नहीं करने पर सीएमडी और अध्यक्ष को अदालत में उपस्थित होकर यह बताना होगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए।"

सबवेंशन योजना के तहत बैंक मंजूर की गई राशि सीधे बिल्डरों के खातों में जमा करते हैं। इसके बाद फ्लैट घर खरीदारों को सौंपे जाने तक बिल्डरों को ईएमआइ का भुगतान करना होता है। हालांकि, त्रिपक्षीय समझौतों का उल्लंघन करते हुए बिल्डरों के ईएमआई का भुगतान नहीं करने पर बैंक घर खरीदारों से रकम वसूलने की मांग करते हैं। शीर्ष अदालत घर खरीदारों से कर्ज वसूली की कार्रवाई से जुड़ी याचिकाओं के एक समूह पर सुनवाई कर रही थी।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अभियोजन की मंजूरी देना बैंकिंग अधिकारियों का अनिवार्य कर्तव्य है। शीर्ष अदालत ने सीबीआई को बाकी जांच दो सप्ताह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उसने कहा कि मुकदमों की सुनवाई पूरी करने के लिए समय सीमा तय की जाएगी और देरी करने की रणनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।