सोनिया गांधी की किताब पर विवाद: सावरकर के प्रपौत्र ने भेजा नोटिस, 15 दिन में जवाब न मिलने पर जाएंगे कोर्ट
स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को उनकी पुस्तक 'बिलोगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में सावरकर पर 'तथ्यहीन और मानहानिकारक' टिप्पणियों के लिए कानूनी नोटिस भेजा है।

सोनिया गांधी को सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी ने भेजा नोटिस (File Photo)
HighLights
सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा।
पुस्तक में वीर सावरकर पर मानहानिकारक टिप्पणियों का आरोप।
15 दिनों में जवाब न मिलने पर अदालत जाएंगे सत्यकी।
डिजिटल डेस्क, पुणे। स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को उनकी पुस्तक बिलॉन्गिंग- ए जर्नी ऑफ लव में सावरकर के बारे में तथ्यहीन और मानहानिकारक टिप्पणियां करने के आरोप में कानूनी नोटिस भेजा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलने पर वह अदालत का रुख करेंगे।सत्यकी सावरकर ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश में बताया कि पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 और 443 पर वीर सावरकर के संबंध में ऐसी बातें लिखी गई हैं, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार या प्रमाण नहीं है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अपने वकील के माध्यम से सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा गया है।
सत्यकी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सावरकर का सम्मान किया था। उनके कार्यकाल में सावरकर के सम्मान में डाक टिकट जारी किया गया और उन पर बनी डाक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई थी। इसके बावजूद सोनिया गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद से सावरकर के खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए जाते रहे हैं।
भाजपा नेता राम कदम ने इस कानूनी कार्रवाई का समर्थन करते हुए सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने पुस्तक में लिखी बातों को गलत बताया।वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता मनोज पांडे ने कहा कि अंग्रेजों के सामने सावरकर की दया याचिकाओं का ऐतिहासिक दस्तावेजों में उल्लेख है।
यह तथ्य विवादित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सोनिया की पुस्तक में लिखी कुछ बातें संस्मरणों और कुछ ऐतिहासिक दस्तावेजों पर आधारित हैं। सत्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर के अनुसार, नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर पुणे जिला अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।