UP वोटर लिस्ट में नाम खोजना होगा आसान, 18 साल के सार्थक सिद्धांत ने 6.8 लाख PDF फाइलों को किया डिजिटाइज
झारखंड के छात्र सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की 6.8 लाख मतदाता सूची पीडीएफ फाइलों को ओसीआर तकनीक का उपयोग करके खोज योग्य प्रारूप में बदल दिया है।

सार्थक सिद्धांत ने यूपी मतदाता सूची की 6.8 लाख पीडीएफ डिजिटाइज कीं (फोटो- @sidhant_sarthak)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड के छात्र सार्थक सिद्धांत ने दावा किया है कि उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों की 6.8 लाख पीडीएफ फाइलों को एक ऐसे फार्मेट में बदल दिया है, जिसमें आसानी से कुछ भी खोजा जा सकता है। सिद्धांत सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में गड़बड़ियों को उजागर करने के कारण चर्चा में आए थे।
सिद्धांत ने एक्स पर लिखा, 'नमस्ते! हमने उत्तर प्रदेश के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी हर मतदाता सूची पीडीएफ पर आप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) तकनीक का इस्तेमाल किया है। इसमें 2024 लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची, एसआईआर सूचियां और 2027 का ड्राफ्ट शामिल हैं। कुल 6.8 लाख पीडीएफ फाइलें थीं, जो ज्यादातर स्कैन की गई थीं।'
चुनाव आयोग ने अभी तक इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ओसीआर वह तकनीक है जो फोटो, स्कैन किए गए दस्तावेज या इमेज में मौजूद छपे या लिखे हुए टेक्स्ट को पहचानकर उसे कंप्यूटर द्वारा पढ़े जाने, खोजे जाने और एडिट किए जाने योग्य डिजिटल टेक्स्ट में बदलती है।
आयोग ने इस साल अप्रैल में मतदाता सूचियों को आनलाइन जारी किया था, लेकिन ये फाइलें केवल स्कैन की गई पीडीएफ के रूप में उपलब्ध थीं। इस वजह से किसी व्यक्ति का नाम खोजना, किसी एंट्री की जांच करना या अलग-अलग समय की मतदाता सूचियों की तुलना करना बहुत मुश्किल और थकाऊ काम हो गया था।
राजनीतिक दलों और मतदाताओं की आलोचनाओं का सामना करने के बाद, निर्वाचन आयोग ने 17 राज्यों में चल रहे एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) के दौरान मतदाता सूचियों को पढ़े जा सकने वाले पीडीएफ फार्मेट में उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।