'1218 दिन में किया अखंड भारत का निर्माण', अमित शाह ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को किया याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शाह ने पटेल को रियासतों को एकजुट करने वाला शिल्पकार बताया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर अमित शाह ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि (फोटो-X/@AmitShah)
HighLights
अमित शाह ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन किया।
पटेल ने रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी।
अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना कर प्रशासनिक व्यवस्था को आधार दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाई जा रही सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उन्हें नमन किया।
सरदार पटेल को याद करते हुए अमित शाह ने लिखा, 'सरदार पटेल ने रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोया और एक मजबूत भारत की नींव रखी।'
'1218 दिन में किया अखंड भारत का निर्माण'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार को कहा, 'जो काम सभी नेता मिलकर भी एक साथ न कर पाएं, वो काम सरदार साहब ने सिर्फ 1218 दिन में करके एक अखंड भारत की रचना की। देखते ही देखते सरदार पटेल के संकल्प के साथ बना वो भारत आज पूरे गौरव के साथ दुनिया के सामने खड़ा है।'
अमित शाह ने कहा, 'सरदार वल्लभभाई पटेल ने 'ऑल इंडिया सर्विसेज' (अखिल भारतीय सेवाएं) की स्थापना करके देश की प्रशासनिक व्यवस्था को एक मजबूत आधार प्रदान किया।'
शाह ने देश के पहले गृह मंत्री को आधुनिक भारत का शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, 'हम उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हैं और 'राष्ट्रीय एकता दिवस' पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।'
गृह मंत्री ने आगे कहा, 'खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए सरदार पटेल का संघर्ष, जनसेवा और नेतृत्व का एक बेजोड़ उदाहरण है।'
अमित शाह ने कहा, 'सरदार साहब का त्याग, समर्पण और देशभक्ति - जिन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। हर नागरिक को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करते रहेंगे।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने इसरो को दी बधाई, एनवीएस के लॉन्च होने से मजबूत होगा भारत का नेविगेशन सिस्टम