यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संजय दत्त के पैरोल की जांच के आदेश
सिने अभिनेता संजय दत्त को दो माह में दूसरी बार पैरोल पर रिहा करने का जबरदस्त विरोध हो रहा है। ...और पढ़ें

मुंबई [जागरण संवाददाता]। सिने अभिनेता संजय दत्त को दो माह में दूसरी बार पैरोल पर रिहा करने का जबरदस्त विरोध हो रहा है। विरोध का कारण यह भी है कि संजय दत्त को पत्नी मान्यता दत्त की बीमारी के कारण पैरोल दिया गया है। जबकि मान्यता को दो दिन पहले एक फिल्मी पार्टी में देखा गया। विवाद बढ़ते देख राज्य के गृह मंत्री आरआर पाटिल ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह मामला सोमवार से नागपुर में शुरू हो रहे विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में भी हंगामा खड़ा कर सकता है।
1993 के सिलसिलेवार मुंबई विस्फोट कांड मामले में हथियार अधिनियम की धाराओं के तहत पांच साल की सजा काट रहे संजय दत्त शनिवार को एक माह के पैरोल पर घर लौटे हैं। उनकी रिहाई के विरोध में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने पुणे स्थित यरवदा जेल एवं संजय दत्त के मुंबई स्थित घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
पढ़ें : संजय दत्त को फिर मिली एक महीने की पैरोल
ये भी पढ़ें: संजय दत्त के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन शुरू किया
अक्टूबर माह के शुरू में ही संजय दत्त को 14 दिनों के पैरोल पर रिहा किया गया था। फिर उनके स्वयं के स्वास्थ्य कारणों से यह पैरोल 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया था। दत्त 30 अक्टूबर को जेल लौटे थे। अब उन्होंने पत्नी मान्यता की बीमारी का कारण बताकर उनकी देखरेख के लिए घर जाने की अनुमति जेल प्रशासन से मांगी थी। जेल प्रशासन द्वारा उन्हें यह अनुमति देने से हंगामा खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि उनसे ज्यादा जरूरतमंद हजारों लोगों के ऐसे आवेदन अक्सर ठुकरा दिए जाते हैं। जबकि 42 माह की बची हुई सजा काटने के लिए मई में जेल भेजे गए संजय दत्त को दूसरी बार लंबा पैरोल अवकाश दे दिया गया है।
वरिष्ठ वकीलों का मानना है कि इससे एक गलत परंपरा की शुरुआत हो सकती है। राज्य के गृहमंत्री आरआर पाटिल ने नागपुर में पत्रकारों द्वारा इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर पूरे मामले की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।
मान्यता के लिवर में ट्यूमर
मान्यता की मेडिकल जांच करने वाले डॉक्टर का कहना है कि उनके लिवर में ट्यूमर है और संदिग्ध रूप से हृदय की बीमारी भी है। ग्लोबल हॉस्पिटल के हर्ट एंड लंग ट्रांसप्लांट सर्जन डॉक्टर अजय चौघुले के मुताबिक उनके सीने में दर्द है और पिछले 15 से 20 दिनों में उनका वजन दस किलो घट गया है। टेस्ट पूरे होने के बाद हम तय करेंगे कि ऑपरेशन की जरूरत है या नहीं। उन्होंने बताया कि मान्यता इससे पहले लीलावती हास्पिटल भी गई थीं।
---
'संजय दत्त को पहले ही यह सुविधा मिल चुकी है। फिर से उन्हें पैरोल पर रिहा करना नियमों के खिलाफ है। पाटिल को इसकी जांच करानी चाहिए। - गोपीनाथ मुंडे, भाजपा नेता
---
'पैरोल की इजाजत डिविजनल कमिश्नर ने दी है। हम इस मामले को देख रहे हैं और संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं।'
- आरआर पाटिल, महाराष्ट्र के गृह मंत्री
---
'अगर संजय दत्त को गलत तरीके से राहत और विशेष सुविधा दी गई तो हम महाराष्ट्र में जेल भरो आंदोलन करेंगे।'
- प्रदर्शनकारियों के प्रवक्ता
---
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
