यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sam Pitroda: सैम पित्रोदा को भारी पड़ी रंगभेदी टिप्पणी, ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस ने तत्काल प्रभाव से सैम ...और पढ़ें

HighLights
- रंगभेदी टिप्पणी करने वाले सैम पित्रोदा का विवादों से है गहरा नाता
- कांग्रेस ने सैम पित्रोदा का इस्तीफा किया स्वीकार
- सैम पित्रोदा को लेकर PM मोदी ने कांग्रेस पर साधा था निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस ने तत्काल प्रभाव से सैम पित्रोदा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हाल ही में सैम पित्रोदा की टिप्पणियों की वजह से कांग्रेस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित सत्तारूढ़ भाजपा हमलावर था।
कांग्रेस ने इस्तीफा स्वीकार किया
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सैम पित्रोदा के इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट किया कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
श्री सैम पित्रोदा ने अपनी मर्ज़ी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है।
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) May 8, 2024
Mr. Sam Pitroda has decided to step down as Chairman of the Indian Overseas Congress of his own accord. The Congress…
PM मोदी ने साधा था निशाना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैम पित्रोदा के विवादित बयानों को कांग्रेस की 'विभाजनकारी मानसिकता' करार दिया था। साथ ही सवाल किया था कि क्या तमिल संस्कृति व गौरव के लिए डीएमके अपने सहयोगी पार्टी (कांग्रेस) से नाता तोड़ेगी? पीएम मोदी ने कहा था,
एक बड़े नेता ने कांग्रेस की विभाजनकारी मानसिकता प्रदर्शित की है। गांधी परिवार के करीबी और शहजादे के सबसे बड़े सलाहकार ने जो कहा वह बहुत शर्मनाक है। कांग्रेस को लगता है कि पूर्वोत्तर भारत के लोग चीन के लोगों की तरह दिखते हैं। क्या देश इस तरह की चीजों को स्वीकार कर सकता है? कांग्रेस को लगता है कि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं, क्या वे इसे स्वीकार करेंगे?
क्या है सैम पित्रोदा का पूरा नाम?
अक्सर विवादित टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में बने रहने वाले सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन क्या आप यह जानते हैं कि सैम पित्रोदा का पूरा नाम क्या है। अगर आपको सैम पित्रोदा का पूरा नाम नहीं पता है तो जान लें कि सैम पित्रोदा का पूरा नाम सत्यनारायण गंगाराम पित्रोदा है।
