सहारनपुर हिंसा: सपा ने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया
सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की हमेशा ध्रुवीकरण की रणनीति रही है और इस आधार पर वो राजनीतिक फायदा उठाती आ रही है। सहारनपुर की घटना इसी का एक साइड इफेक्ट है।
नई दिल्ली (एएनआई)। समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने सहारनपुर में हुई हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बुधवार को भाजपा पर ये आरोप लगाया कि वो उत्तर प्रदेश में जातिगत आधार पर लोगों का विभाजन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हमेशा ध्रुवीकरण की रणनीति रही है और इस आधार पर वो राजनीतिक फायदा उठाती आ रही है। सहारनपुर की घटना इसी का एक साइड इफेक्ट है। उन्होंने इस क्षेत्र में इस तरह की हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
सहारनपुर में हुई हिंसक घटना में एक की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे। एक दिन पहले ही बसपा प्रमुख मायावती ने घटनास्थल का दौरा किया। राज्य सरकार ने मृतक के परिजन को 15 लाख रुपए मुआवजा देने की भी घोषणा की है। एसएसपी एस दुबे ने बताया कि 24 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही घटनास्थल पर उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रादेशिक सेना की तैनाती कर दी गई है।
मालूम हो कि, 5 मई को शब्बीरपुर और सिमलाना गांव में दलित और राजपूतों के बीच हुए झगड़े में एक की मौत हो गई थी और हेड कॉंस्टेबल सहित 16 लोग घायल हो गए थे। रिपोर्ट के अनुसार दलितों ने जब पुलिस को घटना की जानकारी दी तो पुलिस ने तत्काल महाराणा प्रताप प्रोसेसन रोक दिया। इसके बाद राजपूत काफी आक्रोशित हो गए और इस हिंसक घटना को अंजाम दिया।
हालांकि बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि सरकार ने अभी तक पीड़ितों को कोई राहत नहीं प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि बसपा उन पीडितों को 50,000 रुपए की मदद करेगी जिनके घर जल चुके हैं साथ ही हिंसा में जितने लोग घायल हुए हैं उन्हें 25,000 रुपए की मदद दी जाएगी। पार्टी प्रमुख ने कहा कि "जातिगत आधार पर लड़ाई सही नहीं है। बहुजन समाज पार्टी बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करती है। पार्टी ने हमेशा से भाईचारे को बनाए रखा है और एक भी सांप्रदायिक दंगों को नहीं होने दिया।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री का जांच दल शब्बीरपुर पहुंचा, दूसरे दिन फिर चले बंदूक और तलवार