विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव में भगवा लहर, भाजपा ने 29 नगर निगमों में 1,425 सीटें जीतीं

Published: Sat, 17 Jan 2026 11:55 PM (IST)

महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने 2,869 में से 1,425 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की। पार्टी मुंबई और ...और पढ़ें

महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव में भगवा लहर।

महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव में भगवा लहर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतकर मुंबई और पुणे सहित एक दर्जन से अधिक नगर निगमों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। पार्टी ने उद्धव ठाकरे और शरद पवार के गढ़ों में सेंध लगाई है।

भाजपा ने 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में 89 सीटें जीतीं, जिससे यहां ठाकरे परिवार का तीन दशकों पुरानी प्रभुत्व समाप्त हो गया। भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं, जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने 65 सीटें हासिल कीं।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) को सिर्फ छह सीटें मिलीं। वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 24 सीटें जीतीं।

एआइएमआइएम को आठ, एनसीपी को तीन, समाजवादी पार्टी को दो और एनसीपी (शप) को बीएमसी में केवल एक सीट मिली। भाजपा ने नवी मुंबई में 65, कल्याण-डोंबिवली में 50, मीरा-भायंदर में 78, नासिक में 72, पनवेल में 55, पुणे में 119, पिंपरी-चिंचवाड़ में 84, सोलापुर में 87, छत्रपति संभाजीनगर में 57, नांदेड़ में 45 और नागपुर में 102 सीटें जीतीं।

पुणे चुनावों में भाजपा ने पवार परिवार को चौंका दिया। यहां पार्टी ने 119 सीटें जीतीं। अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को 27 सीटों पर संतोष करना पड़ा जबकि उसकी सहयोगी एनसीपी(शप) को तीन सीटें मिली। कांग्रेस ने यहां 15 सीटें जीतीं। 151 सदस्यीय नागपुर नगर निगम में भाजपा ने 102 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को केवल 34 सीटें मिलीं।

नासिक में भाजपा ने 72 सीटें जीतीं, शिवसेना को 26, शिवसेना (यूबीटी) को 15, कांग्रेस को तीन और एनसीपी को चार सीटें मिलीं। कुल मिलाकर भाजपा ने 29 नगर निगमों में कुल 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतीं। शिवसेना ने 399, कांग्रेस ने 324, एनसीपी ने 167 जीतीं, शिवसेना (यूबीटी) ने 155,एनसीपी(शप) ने 36, एमएनएस ने 13, बीएसपी ने छह, राज्य में पंजीकृत पार्टियों ने 129, अनधिकृत पार्टियों ने 196 और निर्दलीयों ने 19 सीटों पर जीत हासिल की।

मालेगांव में इस्लाम पार्टी ने 84 में से 35 सीटें जीतीं

एआइएमआइएम को 21 सीटें नासिक जिले के मालेगांव नगर निकाय चुनाव में 'इंडियन सेकुलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र' (इस्लाम) पार्टी ने 84 में से 35 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया। ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम 21 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर रही। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 18 सीट मिली हैं। समाजवादी पार्टी को पांच और कांग्रेस को तीन सीट मिली हैं। मुस्लिम बहुल इस शहर में भाजपा को सिर्फ दो सीट ही मिल पाईं।

गौरी लंकेश हत्याकांड का आरोपित निर्दलीय जीता

2017 में पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या करने का आरोपित श्रीकांत पंगरकर ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के जालना नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल की। उसने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रावसाहेब ढोबले को हराया। शिवसेना को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने पंगरकर के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारे थे।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)