केरल: सबरीमाला घी आपूर्ति घोटाले में बड़ी कार्रवाई, तमिलनाडु के दो थोक व्यापारी गिरफ्तार
सबरीमाला मंदिर में 2025 की तीर्थयात्रा के दौरान घी आपूर्ति में अनियमितताओं के मामले में तमिलनाडु के दो थोक व्यापारियों को गिरफ्तार किया गया है।

सबरीमाला घी आपूर्ति घोटाले में तमिलनाडु के दो व्यापारी गिरफ्तार
HighLights
सबरीमाला घी आपूर्ति अनियमितता में दो व्यापारी गिरफ्तार।
ठेकेदार ने मंदिर का घी व्यापारियों को बेचा।
50 लाख रुपये का लेनदेन नकदी में हुआ।
डिजिटल डेस्क, तिरुअनंतपुरम। सबरीमाला मंदिर में 2025 की तीर्थयात्रा के दौरान घी की आपूर्ति में अनियमितताओं के मामले में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) की विशेष टीम ने तमिलनाडु के दो थोक व्यापारियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तमिलनाडु के ओडनचत्रम के थोक घी व्यापारी वेंकटेश्वरन और कुमारन के रूप में हुई है।
वीएसीबी के मुताबिक, दोनों व्यापारियों ने वह घी खरीदा था, जिसे ठेकेदार एस. एस. बिनु ने दूसरी जगह भेज दिया था। त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) के साथ हुए अनुबंध के तहत बिनु को डेयरी से सबरीमाला मंदिर तक मिल्मा का घी पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
केरल सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (केसीएमएमएफ) के ब्रांड मिल्मा को सबरीमाला के पिछले तीर्थयात्रा सत्र में घी की आपूर्ति का ठेका दिया गया था। बिनु ने घी को पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचाने के बजाय ओडनचत्रम के दोनों व्यापारियों को भेज 50 लाख रुपये में बेच दिया।
व्यापारियों को पता था कि अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन कर घी दूसरी जगह भेजा जा रहा है। लेनदेन का कोई रिकार्ड न रहे, इसके लिए खेपों का भुगतान सीधे नकद में किया गया।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार