भारत और रूस ने मिलकर निकाल लिया होर्मुज का काट... क्या खत्म हो जाएगा तेल-गैस संकट?
पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान के बीच रूस ने भारत को कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस की डेनिस मांतुरोव से मुलाकात

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। ऐसे में रूस ने भारत को कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांटुरोव की दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग चर्चा का प्रमुख मुद्दा रहा। 2 अप्रैल 2026 को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की।

रूस बनेगा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता
सूत्रों ने बताया है कि रूस भारत के लिए सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बनने जा रहा है। मांटुरोव की यात्रा के बाद रूस की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक मांटुरोव ने पुष्टि की है कि रूसी कंपनियां भारतीय बाजार में तेल और एलएनजी की आपूर्ति को लगातार बढ़ाने की क्षमता रखती हैं।

दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर भी सहमति जताई। रूसी पक्ष ने भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक के दौरान तेल और गैस क्षेत्र में सहयोग को विशेष प्राथमिकता दी।
मांटुरोव की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात
मांटुरोव की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात में भुगतान संबंधी मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों ने रूसी तेल और गैस की आपूर्ति के भुगतान को सुविधाजनक बनाने के तरीकों पर विमर्श किया। मांटुरोव की यात्रा ऐसे समय में हुई है जब भारत ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

सनद रहे कि होर्मुज जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल और एलएनजी का लगभग 20 प्रतिशत व्यापार होता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आयात करता है, इसलिए यह संकट भारत के लिए गंभीर चुनौती बन गया है।
भारत में तेल-गैस संकट
यूक्रेन-रूस विवाद फरवरी, 2022 में शुरू होने के बाद भारत ने बड़े पैमाने पर रूस से तेल की खरीद शुरू कर दी थी। युद्ध के बाद प्रतिबंधों के बावजूद भारत ने रूसी तेल की खरीद बढ़ाई और 2024-25 के दौरान रूस का हिस्सा 35-40 प्रतिशत (पहले सिर्फ 0.2 फीसद) तक पहुंच गया था।
हाल के महीनों में अमेरिकी दबाव और प्रतिबंधों के कारण यह हिस्सा घटकर जनवरी 2026 में लगभग 19-21 प्रतिशत रह गया था, लेकिन होर्मुज संकट के बाद फिर से बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।