चुनाव से पहले विहिप कार्यालय में धक्का-मुक्की
विहिप के आरके पुरम स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रवीण तोगड़िया समर्थकों और उनके विरोधियों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। चुनाव के पहले विश्व हिंदू परिषद में घमासान शुरू हो गया है। विहिप के आरके पुरम स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रवीण तोगड़िया समर्थकों और उनके विरोधियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। विहिप के महामंत्री ने मतदाताओं को भ्रमित करने और चुनाव बाधित करने की साजिश करार दिया है। चंपत राय ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि प्रवीण तोगड़िया के साथ आए बाहरी लोगों ने धक्का-मुक्की की है। ध्यान देने की बात है कि शनिवार को गुरूग्राम में विहिप के पदाधिकारियों का चुनाव होना है, जिसमें प्रवीण तोगडि़या का अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी पद से हटाया जाना तय माना जा रहा है।
विहिप के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार चुनाव के लिए प्रवीण तोगडि़या के साथ कुछ बाहरी लोग भी कार्यालय के भीतर प्रवेश कर रहे थे। जब विहिप कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका, तो वे हाथापाई करने लगे। इस दौरान अपने समर्थकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार साबित करने के लिए प्रवीण तोगड़िया वीडियो बनाने लगे। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने भी इसका वीडियो बना लिया।
बाद में विहिप महामंत्री चंपत राय में बयान जारी कर पूरी घटना को चुनाव टालने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि यह हताशा और निराशा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दबाव बनाकर चुनाव टलवाए तो जा सकते हैं, लेकिन चुनाव कराए नहीं जा सकते हैं। चंपत राय के अनुसार विहिप के चुनाव में कुल 273 लोगों को वोट देना है, लेकिन वही लोग वोट डाल पाएंगे, तो गुरूग्राम में मतदान स्थल पर पहुंचेगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की घटना के उत्तेजित और भ्रमित होने की जरूरत नहीं है और सभी को शांतिपूर्वक अपने मतदान का प्रयोग करना चाहिए।