अनुमति को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच कर्नाटक में आरएसएस का पथ संचलन
कर्नाटक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कई स्थानों पर पथ संचलन किया, जिसके दौरान कड़ी पुलिस सुरक्षा रही।

आरएसएस का पथ संचलन।
HighLights
कर्नाटक में आरएसएस ने कई स्थानों पर पथ संचलन किया।
अनुमति विवाद पर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए।
प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस की तुष्टीकरण राजनीति पर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में कई स्थानों पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पथ संचलन किया। इस दौरान कड़ी पुलिस सुरक्षा रही। अनुमति को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर संगठन को परेशान करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता आर अशोक और चालवाडी नारायणस्वामी ने बेंगलुरु के जयनगर में हुए पथ संचलन में हिस्सा लिया। बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त और भाजपा नेता भास्कर राव भी कार्यक्रमों में शामिल हुए। बेंगलुरु में जयनगर और चामराजपेट समेत कई स्थान पर पथ संचलन में बच्चे, युवा और वरिष्ठ स्वयंसेवक शामिल हुए।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने ‘भारत माता’ को नमन किया। हुबली में हजारों स्वयंसेवकों ने इसमें भाग लिया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, हुबली-धारवाड़ सेंट्रल के विधायक महेश तेंगिनकाई और अन्य नेता भी पथ संचलन में शामिल हुए। कलबुर्गी में भी स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया।
तुमकुरु में प्रस्तावित पथ संचलन विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया। इसके लिए एक नवंबर की वैकल्पिक तारीख तय की गई है। इसके अतिरिक्त कई अन्य स्थानों पर भी दूसरी तारीख तय की गई।
हुबली के पथ संचलन में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कुछ स्थानों पर अनुमति न देने के लिए सरकार की ओर से दिए गए तर्क पर भी सवाल उठाया। कहा कि आदर्श आचार संहिता को बहाने के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
