विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन पर इनाम रखने वाला संघ नेता बर्खास्त

By Rajesh KumarEdited By:
Published: Fri, 03 Mar 2017 09:31 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 03 Mar 2017 09:44 PM (GMT+05:30)

प्रकाश शास्त्री ने कहा, 'चंद्रावत के विवादास्पद बयान से संघ के बारे में गलत संदेश गया है। लिहाजा उन्हें सभी पदों से हटा दिया गया है।'

केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन पर इनाम रखने वाला संघ नेता बर्खास्त
केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन पर इनाम रखने वाला संघ नेता बर्खास्त

नई दिल्ली, प्रेट्र : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का सिर कलम करने पर एक करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा करने वाले अपने पदाधिकारी की सदस्यता खत्म कर दी है। आरएसएस के मध्य प्रदेश प्रमुख प्रकाश शास्त्री ने शुक्रवार को बताया कि कुंदन चंद्रावत को संगठन के सभी पदों से हटा दिया गया है। चंद्रावत उज्जैन में संघ के सह प्रचार प्रमुख थे।

प्रकाश शास्त्री ने कहा, 'चंद्रावत के विवादास्पद बयान से संघ के बारे में गलत संदेश गया है। लिहाजा उन्हें सभी पदों से हटा दिया गया है।' चंद्रावत ने उज्जैन में एक सम्मेलन के दौरान केरल के मुख्यमंत्री का सिर कलम कर लाने वालों को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। वायरल हुए वीडियो में वह विजयन को संघ कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते दिख रहे हैं। चंद्रावत ने दावा किया कि केरल में संघ से जुड़े 300 लोगों की हत्या कर दी गई। इसके बावजूद मुख्यमंत्री आंख बंद किए हुए हैं।

केरल में सत्तारूढ़ माकपा के अलावा कांग्रेस ने भी चंद्रावत के इस बयान की कड़ी आलोचना की थी। बाद में चंद्रावत ने अपने बयान से पलटते हुए कहा था कि स्वयंसेवकों की हत्या से वह दुखी थे और आवेग में मुख्यमंत्री का सिर कलम करने वाले को इनाम देने का एलान कर दिया। आरएसएस ने उनके इस बयान से खुद को अलग करते हुए कहा था कि संगठन हिंसा में विश्वास नहीं करता।

यह भी पढ़ें: केरल के सीएम का सिर लाने वाले को एक करोड़ का इनाम, संघ ने किया किनारा