विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्नाटक में सड़क हादसे में RSS के नेता की मौत, टक्कर के बाद पलटी कार

Published: Mon, 26 Oct 2026 02:09 PM (IST)

कर्नाटक के उडुपी जिले में एक सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता गुरुदास शेनॉय की जान चली गई।

सड़क हादसे में RSS के वरिष्ठ नेता की मौत।

सड़क हादसे में RSS के वरिष्ठ नेता की मौत।

HighLights

  1. आरएसएस नेता गुरुदास शेनॉय की सड़क हादसे में दुखद मौत।

  2. उडुपी जिले में साइकिल से मंदिर जाते समय हुआ हादसा।

  3. तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी, चालक गंभीर रूप से घायल।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक के उडुपी जिले में सोमवार को सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता गुरुदास शेनॉय की जान चली गई।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह साइकिल से सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि आरएसएस नेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

मंदिर दर्शन के लिए निकले थे गुरुदास

पुलिस अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी PTI को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक गुरुदास शेनॉय उडुपी जिले के कोटा मानुरू इलाके के रहने वाले थे और क्षेत्र में संघ के एक वरिष्ठ व सम्मानित कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे।

सोमवार सुबह वह हमेशा की तरह अपनी साइकिल पर सवार होकर प्रसिद्ध अमृतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। जब वह कोटा जंक्शन के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी साइकिल को सीधे टक्कर मार दी।

घायल कार चालक का अस्पताल में इलाज जारी

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कार उडुपी से कुंडापुरा की ओर जा रही थी। साइकिल से टकराने के बाद कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर पलट गया।

इस घटना में कार चालक को भी बेहद गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत ब्रह्मवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- अनुमति को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच कर्नाटक में आरएसएस का पथ संचलन