काला धन मुद्दे पर जिम्मेदारी निभाए सरकार : भैयाजी
काला धन वापसी के मसले पर रुख स्पष्ट करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सरकार को चेताया कि वह जनता का भरोसा पूरा करने के लिए जिम्मेदारी निभाए। सरकार को चाहिए कि इसकी जटिलताएं दूर करने का प्रयास करे। आरएसएस कार्यकारी मंडल की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सर कार्यवाह भै
जागरण ब्यूरो, लखनऊ। काला धन वापसी के मसले पर रुख स्पष्ट करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सरकार को चेताया कि वह जनता का भरोसा पूरा करने के लिए जिम्मेदारी निभाए। सरकार को चाहिए कि इसकी जटिलताएं दूर करने का प्रयास करे।
आरएसएस कार्यकारी मंडल की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सर कार्यवाह भैयाजी जोशी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे पूरे करना सरकार की जिम्मेदारी है। राम मंदिर निर्माण के बारे में उनका कहना था कि अयोध्या में मंदिर स्थापित है। दैनिक पूजा-अर्चना चल रही है। अब मंदिर को विशालता देने का काम बाकी है। फिलहाल यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए सरकार को समय दिया जाना चाहिए।
लव जिहाद पर कहा कि इस चुनौती का सामना हिंदू समाज गत 15 वर्ष से कर रहा है। इसको सांप्रदायिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। झारखंड की घटना के बाद यह मुद्दा चर्चा में आया। संघ ऐसे मसलों पर हमेशा समाज के साथ रहेगा। ऑनर किलिंग की समस्या को जागरुकता का अभाव बताया। कहा, इसके लिए युवाओं में चेतना लाने की जरूरत है।
गठबंधन का फैसला भाजपा लेगी : सर कार्यवाह ने महाराष्ट्र में शिवसेना अथवा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से गठबंधन के सवाल से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इससे संघ को कोई लेना- देना नहीं है। भाजपा में वरिष्ठ अनुभवी लोग हैं, वह स्वयं फैसला करेंगे।
खुद को हिंदू बताने वाले हमारे साथ : जोशी ने बताया कि आरएसएस केवल खुद को हिंदू बताने वालों को जोड़ने में रुचि रखता है। विदेश में संघ सीधे काम नहीं करता वरन वहां रहने वाले स्वयंसेवक ही हिंदुओं को जोड़ने में लगे हैं। करीब 45 देशों में ऐसा काम चल रहा है।
भाजपा के पक्ष में प्रचार नहीं किया गया : सर कार्यवाह ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में आरएसएस द्वारा प्रचार करने के सवाल को सिरे से नकार दिया। कहा, किसी दल से संघ का लेना-देना नहीं है। संघ का उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना रहा। मुंबई जैसे पढ़े-लिखे लोगों के शहर में 35-40 फीसद मतदान उचित नहीं। संघ चाहता हैं कि चुनाव में 100 प्रतिशत वोट पड़े। इसी उद्देश्य से स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर संपर्क साधा।
पर्यावरण संरक्षण में जुटेंगे स्वयंसेवक : संघ अब पर्यावरण प्रदूषण की समस्या समाप्त करने के कार्य में जुटेगा। इसके अलावा समग्र ग्रामीण विकास के लिए संघ ने जिन पांच बिंदुओं पर काम करने का फैसला लिया है, उनमें गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि संवर्धन, कुरीति निवारण व कुटीर उद्योगों के जरिए आत्मनिर्भरता है। एक वर्ष में करीब 250 ग्रामों के विकास का लक्ष्य है।