Move to Jagran APP

Positive India: दो रोटी जवानों के लिए और दो जरूरतमंदो के लिए, रोजाना सैकड़ों लोगों को दिया जा रहा भोजन

Positive India रोजाना सुबह दो रोटी जवानों की तो दो रोटी जरूरतमंदों की.. यही इनका नारा है। फिर कुछ महिलाओं द्वारा घर-घर से रोटी कलेक्शन कर पुरुषों को दिया जा रहा है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Tue, 31 Mar 2020 10:49 PM (IST)Updated: Wed, 01 Apr 2020 09:56 AM (IST)
Positive India: दो रोटी जवानों के लिए और दो जरूरतमंदो के लिए, रोजाना सैकड़ों लोगों को दिया जा रहा भोजन

युवराज गुप्ता, बुरहानपुर। Positive India: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में आमलोगों ने प्रेरक पहल शुरू की है। सभी घरों में अतिरिक्त भोजन बनाया जा रहा है, जिसे जनसेवा में तैनात कर्मचारियों-अधिकारियों और जरूरतमंदों तक स्वयं पहुंचा रहे हैं।

loksabha election banner

सड़क पर पुलिस जवान तो अस्पताल में डॉक्टर-नर्स अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसी विपरीत परिस्थति में इन लोगों का इस तरह मदद का हाथ बढ़ाना समस्या को कमतर करने का काम कर रहा है। हां, इसमें सूझबूझ भी बरत रहे हैं, शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखते हैं।

100 परिवारों द्वारा बनाया जा रहा भोजन

इस पहल में महिलाएं भी अपनी भागीदारी बखूबी निभा रही हैं। शहर में करीब 100 परिवारों की महिलाओं द्वारा ड्यूटी पर तैनात जवानों और सार्वजनिक स्थलों पर बेसहारा बैठे जरूरतमंदों के लिए भी भोजन बनाया जा रहा है। रोजाना सुबह दो रोटी जवानों की तो दो रोटी जरूरतमंदों की.. यही इनका नारा है। फिर कुछ महिलाओं द्वारा घर-घर से रोटी कलेक्शन कर पुरुषों को दिया जा रहा है। वहीं, पुरुषों द्वारा अपने-अपने वाहनों से शहर में घूमकर प्रमुख चौक चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों और जरूरतमंदों तक ये रोटी और सब्जी पहुंचाई जा रही है।

प्रत्येक घर से चार रोटी की दी जा रही सेवा

इस अनूठी सेवा में करीब 100 परिवारों द्वारा सहभागिता की जा रही है। संजय नगर निवासी त्रिलोक जैन और मुकेश पूर्वे के मुताबिक संजय नगर व सुंदर नगर कॉलोनी की महिलाओं द्वारा यह सराहनीय कार्य किया जा रहा है, जिसमें सभी मिलजुलकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पूजा प्रजापति, स्नेहलता पूर्वे, प्रिया बोरसे और सिया प्रजापति ने बताया कि प्रत्येक घर से चार रोटी की सेवा दी जा रही है। साथ ही सब्जी व अन्य चीजें भी। सुबह जल्दी उठकर भोजन बनाने और फिर घरों से जुटाने में जुट जाती हैं।

हर दिन करीब 200 लोगों को दिया जा रहा भोजन

यातायात थाना प्रभारी हेमंत पाटीदार के मुताबिक लॉक डाउन में मुस्तैदी से तैनात जवानों को जो भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है यह राहत पहुंचाने वाला है। मानव सेवा का एक प्रेरक संदेश इनके द्वारा दिया जा रहा है। वहीं, जिला कलेक्टर राजेश कौल ने कहा कि यह कार्य सराहनीय और प्रेरक है। संकट की इस घड़ी में और भी लोगों को आगे आना चाहिए और अपने-अपने स्तर पर मदद के हाथ बढ़ाने चाहिए। ऐसी समाजसेवी संस्थाओं और लोगों को भविष्य में पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, बुरहानपुर, शाहपुर, नेपानगर में आरएसएस की सेवा भारती इकाई द्वारा भी पुलिसकर्मियों और जरूरतमंदों को भोजन प्रदान किया जा रहा है। संस्था के नितिन चौधरी ने बताया कि हर दिन करीब 200 लोगों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। केंद्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बुरहानपुर में चल रहे सेवाकायरें की सराहना की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.