यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश में बस के पलटने से पांच लोगों की मौत, सात घायल
आंध्र प्रदेश में एक निजी बस के पलटने से पांच लोगों की मौत गई जबकि सात लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें

विशाखापत्तनम, आइएएनएस। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले (Alluri Sitarama Raju district) में सोमवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एक निजी बस जिले के चिंटूरु मंडल में एडुगुरलापल्ली के पास पलट गई। यह बस 60 यात्रियों को लेकर ओडिशा के चिन्नापल्ली से विजयवाड़ा जा रहा था। हादसा उस वक्त हुआ, जब मोड़ पर बातचीत के दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य ने पड़ोसी राज्य तेलंगाना के भद्राचलम के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। सभी ओडिशा के रहने वाले हैं।
नशे में था बस चालक
मृतकों में तीन की पहचान धनेश्वर दलपति (24), जीतू हरिजन (5) और नुनेना हरिजन (2) के रूप में हुई है। बस में सवार सभी लोग मजदूर थे। वे काम करने के लिए विजयवाड़ा आ रहे थे। सड़क हादसे में बचे लोगों ने आरोप लगाया कि बस चालक शराब के नशे में था और जल्दबाजी में वाहन चला रहा था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पलनाडु में 6 लोगों की मौत
इससे पहले, 30 मई को आंध्र प्रदेश के पलनाडु ज़िले में एक ट्रक और एक खड़ी लारी के बीच टक्कर हो गई थी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घायलों को नरसरावपेट के गुरजाला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आंध्र प्रदेश के गुरजाला के डीएसपी जयराम ने यह जानकारी दी।