विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पारिवारिक संपत्ति के लिए अपनी बहन को घर से निकाला'; केटी रामा राव पर रेवंत रेड्डी ने साधा निशाना

Published: Sun, 08 Nov 2026 06:40 PM (IST)

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केटीआर पर अपनी बहन के. कविता को पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा न देने के लिए पार्टी से बाहर निकालने का आरोप लगाया।

रेवंत रेड्डी का केटीआर पर निशाना

रेवंत रेड्डी का केटीआर पर निशाना

HighLights

  1. रेवंत रेड्डी ने केटीआर पर बहन को संपत्ति के लिए बाहर निकालने का आरोप।

  2. केटीआर ने अपनी बहन के. कविता को पार्टी से बाहर निकाला।

  3. रेवंत रेड्डी ने केसीआर पर परिवार को सीख न देने का आरोप।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव पर निजी हमला बोला। रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि केटीआर ने अपनी बहन को इसलिए पार्टी से बाहर निकाला है क्योंकि वह उन्हें पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते थे।

सीएम रेवंत रेड्डी ने यह बात अपने विधानसभा क्षेत्र कोडांगल में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों की एक बैठक में कही।

केटीआर पर साधा निशाना

पीटीआई के अनुसार, रेवंत रेड्डी ने कहा कि, मैं एक भाई के उपहार के रूप में इंदिरम्मा साड़ियां बांटकर आपके प्रति अपना आभार व्यक्त करने की कोशिश कर रहा हूं। लेकिन केटीआर को देखिए, पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा देने से बचने के लिए उन्होंने अपनी बहन को घर से निकाल दिया। वह बहन, जो जेल में सजा काटकर और कई मामलों का सामना करने के बाद वापस लौटी है।

हालांकि उन्होंने नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा केटी रामा राव की बहन के. कविता की ओर था, जिन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले में जेल हुई थी। कविता को सितंबर 2025 में BRS से निलंबित कर दिया गया था और अप्रैल 2026 में उन्होंने अपना खुद का राजनीतिक संगठन, 'तेलंगाना रक्षण सेना' शुरू किया।

'भाई को बहन का ध्यान रखना चाहिए'

रेवंत रेड्डी ने आगे कहा कि कविता की गलती चाहे जो भी रही हो, जेल से छूटने के बाद केटी रामा राव को अपनी बहन का ख्याल रखना चाहिए था।

उन्होंने कहा, उसकी गलती चाहे जो भी रही हो, जब वह छह महीने जेल में बिताकर घर वापस आती है, तो भाई को उसका ध्यान रखना चाहिए। लेकिन क्या दुनिया में केसीआर के बेटे के अलावा कोई और ऐसा इंसान है, जिसने अपनी ही बहन पर गलतियां करने और शराब बेचने का आरोप लगाकर उसे घर से बाहर निकाल दिया हो।

रेवंत रेड्डी का इशारा तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की ओर था, जो केटी रामा राव और के. कविता के पिता है। रेड्डी ने कविता का नाम लिए बिना यह भी दावा किया कि उन्होंने खुद भी अपने भाई के खिलाफ तीखी टिप्पणियां की थीं।

चंद्रशेखर राव पर साधा निशाना

के. चंद्रशेखर राव पर निशाना साधते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि एक पिता को अपने बेटे को अपनी बहन का ख्याल रखने की सलाह देनी चाहिए, और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर ऐसा न कर पाने का आरोप लगाया।

उन्होंने सवाल किया, जो व्यक्ति अपने परिवार के सदस्यों को अच्छी बातें नहीं सिखा सकता, वह तेलंगाना के चार करोड़ लोगों का भला कैसे करेगा? रेवंत रेड्डी ने के. चंद्रशेखर राव पर मुख्यमंत्री के रूप में अपने 10 साल के कार्यकाल के दौरान तेलंगाना के साथ अनुचित व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।