ट्रेन की चपेट में आकर कोलकाता पुलिस के सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर की मौत, घर से मिले पत्र ने बढ़ाया रहस्य
कोलकाता पुलिस के सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर प्रबीर कुमार चट्टोपाध्याय (73) की शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सियालदह दक्षिण शाखा के बाघाजतिन और न्यू गरिया रेलवे स्टेशनों के बीच हुई।

ट्रेन की चपेट में आकर कोलकाता पुलिस के सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर की मौत (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पत्नी का पहले ही हो चुका है निधन, रेलवे पुलिस कर रही मामले की जांच
रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता पुलिस के सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर प्रबीर कुमार चट्टोपाध्याय (73) की शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सियालदह दक्षिण शाखा के बाघाजतिन और न्यू गरिया रेलवे स्टेशनों के बीच हुई।
घर से निकलने से पहले लिखी गई एक चिट्ठी मिलने के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे स्टेशन मास्टर ने जादवपुर जीआरपी थाने को रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी।
रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की। जांच में मृतक की पहचान प्रबीर कुमार चट्टोपाध्याय के रूप में हुई। वह बांसद्रोणी थाना क्षेत्र के विधानपल्ली इलाके में रहते थे।
रेलवे पुलिस ने संबंधित ट्रेन के चालक से भी पूछताछ की। जांच में पता चला कि प्रबीर की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी एक बेटी है, जिसका विवाह हो चुका है। बेटी ने जांच अधिकारियों को बताया कि उनके पिता घर से निकलने से पहले एक चिट्ठी लिखकर गए थे। रेलवे पुलिस उस चिट्ठी के आधार पर भी जांच कर रही है।
मृतक के भाई सुबीर चट्टोपाध्याय आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जादवपुर जीआरपी थाने पहुंचे। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रेलवे पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।