Move to Jagran APP

गणतंत्र दिवस 2022: उत्तर प्रदेश को मिला सर्वश्रेष्ठ झांकी का अवार्ड, परेड में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने लिया था हिस्सा

गणतंत्र दिवस अवसर पर आयोजित परेड में इस बार उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। उत्तर प्रदेश की झांकी एक जिला एक उत्पाद और काशी विश्र्वनाथ धाम विषय पर आधारित थी।

By Amit SinghEdited By: Published: Fri, 04 Feb 2022 08:58 PM (IST)Updated: Fri, 04 Feb 2022 08:58 PM (IST)
उत्तर प्रदेश को मिला सर्वश्रेष्ठ झांकी का अवार्ड (एएनआई)

नई दिल्ली, प्रेट्र: गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में इस बार उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। उत्तर प्रदेश की झांकी 'एक जिला एक उत्पाद' और 'काशी विश्र्वनाथ धाम' विषय पर आधारित थी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया था।

loksabha election banner

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दूसरा स्थान कर्नाटक की झांकी को मिला। इस झांकी में पारंपरिक हस्तशिल्प को दिखाया गया था। तीसरा स्थान मेघालय को मिला। यह झांकी महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों पर आधारित थी। केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में शिक्षा मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की झांकियों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया है। शिक्षा मंत्रालय और कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की झांकी की थीम 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति' थी, वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय की झांकी 'उड़े देश का आम नागरिक' विषय पर आधारित थी।

परेड में केंद्रीय मंत्रालयों-विभागों की नौ झांकियों ने भाग लिया था। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (सीपीडब्ल्यूडी) की झांकी को विशेष पुरस्कार श्रेणी के लिए चुना गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा, भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया है। पहली बार, आम जनता को माई गोव प्लेटफार्म के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल और लोकप्रिय पसंद श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ झांकी के लिए वोट करने के लिए आमंत्रित किया गया था। आनलाइन मतदान 25-31 जनवरी के बीच हुआ था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) तथा अन्य सहायक बलों के बीच सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में माईगाव पर अधिकतम मत प्राप्त हुए। लोकप्रिय पसंद श्रेणी में महाराष्ट्र को राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में वोट दिया गया। महाराष्ट्र की झांकी जैव विविधता पर आधारित थी। लोकप्रिय पसंद के अनुसार, भारतीय वायु सेना की मार्चिंग टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में चुना गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.