केरल में तीन जिलों में फिर हो सकती है आफत की बारिश, जारी हुआ रेड अलर्ट
बाढ़ और तेज बारिश के कारण तबाह हुए केरल के लिए मुसीबत अभी खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग ने दो दिनों का फिर से रेड अलर्ट जारी किया है।
केरल, एजेंसी। बाढ़ और तेज बारिश के कारण तबाह हुए केरल के लिए मुसीबत अभी खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग ने दो दिनों का फिर से रेड अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट राज्य के तीन जिले इडुकी, त्रिशूर और पलक्कड़ के लिए जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार छह से आठ अक्टूबर के बीच राज्य में फिर से तेज बारिश होने की संभावना है। अरब सागर में कम दबाव बनने के कारण यह अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की अपील की गई है। इधर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि मौसम विभाग ने श्रीलंकाई तट के करीब अरब सागर में कम दबाव वाले क्षेत्र के बारे में चेतावनी जारी की है। इसके चक्रवात में बदलने की संभावना है।
मछुआरों को समुद्र नहीं जाने की चेतावनी जारी
सीएम ने मछुआरों को पांच अक्टूबर तक सुरक्षित लौटने की सलाह दी है। पिछली बार की हुई तबाही के बाद राज्य सरकार ने एतिहातन सभी सुरक्षा उपाय अपना रही है। अरब सागर में कम दबाव के कारण चक्रवात बनने की संभावना है जिसका केंद्र लक्ष्यद्वीप तट के पास हो सकता है।
राज्य के सात में से तीन जिलों के लिए अलर्ट जारी
राज्य के 7 जिलों में 3 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। स्थिति का सही आकलन करने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने एक महत्वपूर्ण बैठक की है। केंद्रीय एजेंसियों से भी सहयोग मांगा गया है। केंद्र से एनडीआरएफ की 5 कंपनियों के लिए कहा गया है। पहाड़ी इलाकों खासकर मुन्नार में नीलकुरिन्जी देखने जाने वाले पर्यटकों को भी वहां नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
बता दें कि मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 से 8 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान तमिलनाडु और केरल के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं।