Move to Jagran APP

एक दिन में रिकॉर्ड 8.48 लाख कोरोना टेस्ट, स्वस्थ होने की दर बढ़कर पहुंची 71.17 फीसद

कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए भारत रोजाना 10 लाख नमूनों की जांच के अपने लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रहा है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Fri, 14 Aug 2020 09:21 PM (IST)Updated: Fri, 14 Aug 2020 09:21 PM (IST)
एक दिन में रिकॉर्ड 8.48 लाख कोरोना टेस्ट, स्वस्थ होने की दर बढ़कर पहुंची 71.17 फीसद

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए भारत रोजाना 10 लाख नमूनों की जांच के अपने लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में नमूनों की जांच का आंकड़ा 8.5 लाख के करीब पहुंच गया है। हालांकि, संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है, पर मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी लगातार बढ़ रही है। वहीं, मृत्युदर में गिरावट आ रही है।

loksabha election banner

अब तक दो करोड़ 76 लाख से ज्यादा नमूनों का परीक्षण हो चुका

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को 24 घंटों के दौरान कुल आठ लाख 48 हजार 728 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक दो करोड़ 76 लाख 94 हजार 416 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

नए मामले 64 हजार से ज्यादा मिले, मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71.17 फीसद, मृत्युदर 1.95 फीसद

मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान 64,553 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 24 लाख 61 हजार 190 हो गई है। अब तक 17 लाख 51 हजार 555 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले छह लाख 61 हजार 595 रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 26.88 फीसद है। इस महामारी ने अब तक अब तक 48040 लोगों की जान भी ले ली है, जिसमें पिछले 24 घंटे के दौरान हुईं 1007 मौतें भी शामिल हैं। इस तरह मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71.17 फीसद और मृत्युदर 1.95 फीसद हो गई है। देश में प्रति 10 लाख आबादी पर 603 जांच हो रही है।

स्वस्थ हुए मरीजों का आंकड़ा 17 लाख 72 हजार के पार

वहीं, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से शाम सात बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार देर रात से 31,747 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 24 लाख 87 हजार 820 हो गई है। इस दौरान 30,849 मरीज ठीक हुए हैं और अब तक स्वस्थ हुए मरीजों का आंकड़ा 17 लाख 72 हजार 912 पर पहुंच गया है। 48,431 लोगों की मौत भी हुई है। शुक्रवार को 353 लोगों की जान गई, जिनमें सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में 55, दिल्ली व जम्मू-कश्मीर में 11, ओडिशा में 10, तेलंगाना में 9 और पंजाब में चार मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

दिल्ली में 1,192 नए केस

राजधानी दिल्ली में 1,192, उत्तर प्रदेश में 4,512, ओडिशा में 1,977 और तेलंगाना में 1,921 नए केस मिले हैं और इन राज्यों में कुल मामले क्रमश: एक लाख 50 हजार 692, एक लाख 45 हजार 287, 54, 630 और 88,396 हो गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में अब तक 5.60 लाख, तमिलनाडु में 3.26 लाख, बंगाल में 1.07 लाख, कर्नाटक में 2.03 लाख और आंध्र प्रदेश में 2.73 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.